IND vs NZ 1st T20I: न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की जमकर खबर ली। गुरुवार (22 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए इसी मुकाबले में फिलिप्स ने अपनी पारी के दौरान भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की गेंद पर शानदार रिवर्स शॉट खेलकर भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
यह नजारा न्यूजीलैंड की पारी की आखिरी गेंद पर देखने को मिला। भारतीय टीम में करीब चार साल बाद वापसी कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के सामने ग्लेन फिलिप्स बल्लेबाजी कर रहे थे। फिलिप्स पहले ही भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में रन बना रहे थे। ऐसे में आखिरी गेंद पर उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भुवनेश्वर कुमार के गेंद रिलीज करने से पहले ही अपना स्टांस बदल लिया और बाएं हाथ के बल्लेबाज की तरह पोजिशन में आ गए। इसके बाद उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ खेले जाने वाले रिवर्स स्वीप जैसे शॉट को तेज गेंदबाज के सामने ही अंजाम दे दिया। फिलिप्स के बल्ले से निकला यह शानदार शॉट सीधे एक्स्ट्रा कवर की दिशा में बाउंड्री के पार पहुंचा और भारतीय फील्डर गेंद को रोकने के लिए कुछ नहीं कर सके। इस चौके के साथ ही न्यूजीलैंड की पारी का भी अंत हुआ।
VIDEO:
फिलिप्स ने इस मुकाबले में बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए। उनकी इसी पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 225 रन बनाए।
हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम इतना बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद मुकाबला नहीं जीत सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन ने 33 गेंदों में 67 रन की तूफानी पारी खेलकर तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में अहम 42 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं मैच के आखिरी हिस्से में नमन धीर ने भी कमाल कर दिया। उन्होंने महज 15 गेंदों में नाबाद 42 रन ठोककर मुकाबले का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने दो गेंदें बाकी रहते छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।