IPL 2026 Qualifier-2, Gujarat Titans vs Rajasthan Royals: मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार (29 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन बनाए, लेकिन शुभमन गिल और साईं सुदर्शन की तूफानी साझेदारी के दम पर गुजरात ने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस बड़े मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सिर्फ दो ओवर के अंदर यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) पवेलियन लौट गए।
हालांकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक छोर संभालते हुए रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 73 रन की अहम साझेदारी की और पारी को संभाला।
वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली। वहीं रविंद्र जडेजा ने दूसरे छोर पर टिके रहते हुए 35 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए। आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने भी तेजी से रन बटोरे और सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन ठोक दिए। इन पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 214 रन का स्कोर खड़ा किया।
गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।
215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पहले विकेट के लिए 77 गेंदों में 167 रन की विशाल साझेदारी कर मुकाबला पूरी तरह गुजरात के पक्ष में कर दिया।
साईं सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन की तेज पारी खेली, जबकि शुभमन गिल ने कप्तानी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 गेंदों में 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इस मजबूत शुरुआत के चलते गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करते हुए 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है, जहां अब उसका सामना रविवार (31 मई) को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। वहीं राजस्थान रॉयल्स का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।