गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा(Kagiso Rabada) ने शुक्रवार (29 मई) को राजस्थान के खिलाफ न्यू चंड़ीगढ़ में खेले गए आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में अपनी शानदार गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। रबाडा ने अपने कोटे के चार ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल को अपना शिकार बनाया।
रबाडा के आईपीएल करियर की यह 100वीं पारी थी। वह आईपीएल इतिहास में 100 पारियों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनके अब आईपीएल में 147 विकेट हो गए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 100 आईपीएल पारियों में 146 विकेट लिए थे।
इसके अलावा रबाडा ने भुवनेश्वर कुमार को पछाड़कर पर्पल कैप अपने नाम कर ली है। रबाडा के मौजूदा सीजन में 16 मैच के बाद 28 विकेट हो गए हैं।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रन और रविंद्र जडेजा ने 35 गेंदों में 45 रन बनाए।
गुजरात के लिए रबाडा के अलावा जेसन होल्डर ने 2 विकेट, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। जिसमें कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 104 रन और साईं सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रन जोड़े।