SLC-XI vs IND Warm-Up Match: भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच खेले जा रहे वार्म-अप मुकाबले में टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (Gurnoor Brar) ने दूसरे दिन के आखिरी ओवर में स्पिन गेंदबाज दिलम सुदीरा (Dilum Sudeera) की जमकर धुनाई कर दी।

Advertisement

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया इस समय श्रीलंका में वार्म-अप मुकाबला खेल रही है। भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच यह तीन दिवसीय मुकाबला 7 अगस्त से कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेला जा रहा है।

मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय टीम के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं। दिन के आखिरी ओवर में गुरनूर ने श्रीलंका के स्पिनर दिलम सुदीरा की जमकर खबर ली और सिर्फ पांच गेंदों में चार छक्के जड़ दिए।

दरअसल, ओवर की पहली गेंद पर देवदत्त पडिक्कल ने एक रन लेकर गुरनूर बराड़ को स्ट्राइक दी। इसके बाद गुरनूर ने लगातार दो गेंदों पर गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाकर अपने इरादे साफ कर दिए। दो छक्के लगाने के बाद गुरनूर के पास सिंगल लेकर पडिक्कल को दोबारा स्ट्राइक देने का मौका था, लेकिन उन्होंने सिंगल लेने से इनकार कर दिया। गुरनूर ने खुद पर भरोसा बनाए रखा और अगली दो गेंदों पर भी लगातार दो गगनचुंबी छक्के जड़ दिए।

इस तरह गुरनूर ने ओवर की पांच गेंदों में चार छक्के लगा दिए और भारतीय टीम के लिए दिन का खेल धमाकेदार अंदाज में खत्म किया। उनकी इस तूफानी पारी के चलते उन्होंने महज 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बना लिए थे।

VIDEO:

मुकाबले की बात करें तो श्रीलंका क्रिकेट XI ने अपनी पहली पारी 363 रन पर घोषित की थी। इसके जवाब में भारतीय टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे दिन शानदार शतक जड़ा। दिन का खेल खत्म होने तक पडिक्कल 164 गेंदों में 142 रन बनाकर नाबाद रहे।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके अलावा रविंद्र जडेजा ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया। उन्होंने 117 गेंदों में 63 रन की पारी खेली और इसके बाद रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौटे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार