आईपीएल 2023 के 23वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान संजू सैमसन और शिमरोन हेटमायर के ताबड़तोड़ अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हार का स्वाद चखा दिया। इस मैच में राजस्थान के खिलाफ मिली हार के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि हमें 200 के पार पहुंचना चाहिए था।

Advertisement

हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद कहा, "ईमानदारी से कहूं तो पावरप्ले के बाद हार की उम्मीद नहीं थी, लेकिन यही इस खेल की खूबसूरती है। बहुत सारे मैच बाकी हैं, हमें अभी भी काफी ग्रुप क्रिकेट खेलने की जरूरत है, भले ही हम आज जीत गए होते। मेरे आउट होने के बाद, उन्होंने कुछ अच्छे ओवर फेंके, लेकिन हमें थोड़ा और मेहनत करनी चाहिए थी और 200 के पार पहुंचना चाहिए था। मुझे लगा कि हमने 10 रन कम बनाये।"

Advertisement

गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 177 रन स्कोरबोर्ड पर टांगे। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 46(30) रन डेविड मिलर ने बनाये। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा शुभमन गिल ने 45(34) रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं कप्तान हार्दिक पांड्या ने 28(19) और अभिनव मनोहर ने 27(13) रन का योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट संदीप शर्मा ने चटकाए। उनके अलावा एक-एक विकेट एडम ज़म्पा, ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने लिया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने यह मैच 19.2 ओवर में 179 रन बनाकर जीत लिया। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 60(32) रन कप्तान संजू सैमसन के बल्ले से निकले। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के लगाए। उनके अलावा शिमरोन हेटमायर ने 56(26)* रन की अर्धशतकीय पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के जड़े। गुजरात की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट मोहम्मद शमी ने अपने नाम किये। वहीं 2 विकेट राशिद खान को मिले। वहीं हार्दिक पांड्या और नूर अहमद को एक-एक विकेट मिला। 

लेखक के बारे में

Nitesh Pratap
मैं पिछले 4 सालों से क्रिकेट में हिंदी कंटेंट राइटिंग कर रहा हूँ। मुझे क्रिकेट खेलना, देखना और उसके बारे में पढ़ना काफी पसंद है। मैं अपनी क्रिकेटिंग राइटिंग स्किल्स को बेहतर करने के लिए पिछले कुछ महीनों से cricketnmore के साथ जुड़ा हुआ है। यहाँ मुझे क्रिकेट की बारीकियों के बारे में काफी जानने और सीखने को मिल रहा है। Read More
ताजा क्रिकेट समाचार