भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कमेंट्री कर रहे हैं लेकिन लगता है कि कुछ फैंस को भज्जी और बाकी हिंदी कमेंटेटर्स की कमेंट्री पसंद नहीं आ रही है क्योंकि सोशल मीडिया पर फिलहाल फैंस खासकर भज्जी के पीछे पड़ गए हैं और हालिया घटनाक्रम तो ऐसा था जिसने भज्जी को भी गुस्सा दिला दिया और सोशल मीडिया पर ही वो आपा खो बैठे।
भज्जी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर तब सुर्खियां बटोरीं, जब उन्होंने एक फैन को करारा जवाब दिया। उस फैन ने हरभजन पर आरोप लगाया था कि वो अपने साथी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से जलते हैं। ये घटना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 के पहले मैच के बाद हुई। इस मैच के दौरान, कई कमेंटेटरों को सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स ने उनकी हिंदी कमेंट्री के लिए निशाना बनाया था।
हालांकि हरभजन ने शुरुआत में कई पोस्ट्स को नज़रअंदाज़ किया, लेकिन आखिरकार उन्होंने एक ऐसे यूज़र को जवाब दिया जिसने अपमानजनक टिप्पणियां की थीं और कमेंट्री टीम की तुलना दूसरों से करते हुए उन्हें कमतर बताया था। अपने जवाब में, हरभजन ने तीखा पलटवार करते हुए उस यूज़र से कहा, "हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हजार। चल यहां से निकल ले टॉमी नॉट होमी।"
हालांकि, भज्जी के इस जवाब बाद स्थिति और बिगड़ गई जब इस यूजर ने दावा किया कि हरभजन अश्विन के करियर से जलते हैं और उन्हें कहा कि वो अब गुमनाम हो रहे हैं। इस पोस्ट पर भी हरभजन ने एक बार फिर जवाब दिया और एक बेबाक संदेश लिखा, "कुत्ते को घी नहीं पचता और तेरे जैसे लोंडू को जवाब हज़म नहीं हुआ। चल बे टॉमी।"
Also Read: LIVE Cricket Score
इस बहस ने सोशल मीडिया पर लंबे समय से चल रही उस चर्चा को फिर से हवा दे दी, जिसमें हरभजन और अश्विन के बीच कथित प्रतिद्वंद्विता की बातें कही जाती हैं। हालांकि, दोनों क्रिकेटरों ने अतीत में कई बार ऐसे दावों को खारिज किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भारतीय क्रिकेट के अलग-अलग दौर में खेलने के बावजूद, उन दोनों के बीच आपसी सम्मान की भावना है।