भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बुरी खबर सामने आई है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज़ हर्षित राणा इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने में देरी करने वाले हैं। हार्दिक रिकवरी के दौरान दोबारा चोटिल हो गए हैं, वहीं हर्षित की रिकवरी में बीमारी के कारण देरी हुई है।
हार्दिक की दाहिनी पिंडली में चोट: मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो हार्दिक पांड्या अपनी दाहिनी पिंडली की तकलीफ से उभर गए थे और उन्होंने बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी और फील्डिंग से जुड़े वर्कलोड को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया था। उन्होंने पिछले महीने 17 सितंबर को बिना किसी परेशानी के मैच सिमुलेशन भी पूरा किया, लेकिन 19 सितंबर के सिमुलेशन के दौरान उन्हें दाहिनी पिंडली में दर्द महसूस हुआ।
हार्दिक की शिकायत के बाद उनका MRI कराया गया, जिसमें हल्का Intramedullary Edema (हड्डी के अंदरूनी हिस्से में हल्की सूजन) पाया गया। यही वज़ह है अब उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी में देरी होनी तय है। उन्हें छह से आठ सप्ताह तक बिसफास्फोनेट थेरेपी और विटामिन-डी लेने की सलाह दी गई है। बात करें उनकी रिहैब प्रक्रिया की तो वो कम भार वाले अभ्यास से शुरू होगी और फिर उन्हें धीरे-धीरे रनिंग, अभ्यास और फिर पूरे खेल के लिए तैयार किया जाएगा।
हर्षित के रिहैब में देरी: भारतीय तेज गेंदबाज़ हर्षित राणा लो-ग्रेड स्ट्रेन से परेशान हैं। उन्हें सात सितंबर के मैच सिमुलेशन के दौरान बाएं क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव की शिकायत थी। उन्हें खेल में धीरे-धीरे वापसी से पहले तीन सप्ताह तक नियंत्रित लोडिंग की सलाह दी गई थी और उनकी सहनशीलता के आधार पर वर्कलोड बढ़ाया जाना था। फिलहाल उन्हें बुखार, गले में खराश और सर्दी है इसलिए रिहैब और अन्य गतिविधियां दोबारा शुरू करने से पहले उन्हें पूरी तरह ठीक होने की सलाह दी गई है
टी20 वर्ल्ड कप के बाद से नहीं खेला इंटरनेशनल मुकाबला: हार्दिक की फिटनेस टीम इंडिया के लिए लगातार टेंशन की वज़ह बनी हुई है। वो लंबे समय से BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ठीक होने के लिए मेहनत कर रहे हैं। हालांकि मेडिकल टीम की निगरानी में होने के बावजूद उन्हें फिटनेस हासिल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें कि हार्दिक अफगानिस्तान टी20 और एशियन गेम्स में खेलने के उम्मीदवार थे, लेकिन वो अपनी चोट के कारण बड़ा मौका चूक गए। हार्दिक भारतीय टीम को स्थिरता देते हैं, ऐसे में ये भारतीय फैंस यही प्रार्थना करेंगे कि वो जल्द से जल्द फिट हो जाए और भारतीय जर्सी में क्रिकेट खेलते दिखे। उन्होंने साल 2026 में मार्च में हुए भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद से ही टीम इंडिया के लिए कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला।