कोलकाता नाइट राइडर्स के अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण ने एक बार फिर अपनी मिस्ट्री स्पिन का जादू दिखाया। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या मुश्किल समय में टीम की पारी संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नारायण की शानदार गेंद ने उनका खेल खत्म कर दिया। 

Advertisement

आईपीएल 2026 का 65वां मुकाबला बुधवार (20 मई) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। रयान रिकेल्टन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रोहित शर्मा भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नमन धीर बिना खाता खोले आउट हुए और सूर्यकुमार यादव भी सिर्फ 15 रन बनाकर चलते बने। पावरप्ले के अंदर ही मुंबई ने अपने 4 बड़े विकेट गंवा दिए।

ऐसे मुश्किल समय में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान हार्दिक पांड्या एक छोर संभालने की कोशिश कर रहे थे। हार्दिक धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ा रहे थे और 27 गेंदों में 26 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन तभी सुनील नारायण ने अपनी मिस्ट्री स्पिन से उनका भी खेल खत्म कर दिया।

मुंबई की पारी का 16वां ओवर चल रहा था। ओवर की दूसरी गेंद पर नारायण ने ऑफ स्टंप के बाहर हल्की फ्लाइट के साथ गेंद डाली। गेंद पिच पर पड़ते ही तेजी से अंदर आई और नीची भी रही। हार्दिक पांड्या बैकफुट से कट शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद की टर्न और स्किड को पूरी तरह पढ़ नहीं पाए। गेंद सीधे मिडल स्टंप से जा टकराई और स्टंप बिखर गया। हार्दिक पांड्या भी इस गेंद को देखकर कुछ पल के लिए हैरान नजर आए। उनकी पारी 27 गेंदों में 26 रन पर समाप्त हुई और मुंबई इंडियंस को 95 रन पर छठा बड़ा झटका लग गया।

VIDEO:

Also Read: LIVE Cricket Score

सुनील नारायण ने इस मुकाबले में बेहद किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 13 रन खर्च किए और हार्दिक पांड्या का अहम विकेट लेकर KKR को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। नतीजन मुंबई पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाई। हालांकि आखिरी के ओवरों में कॉर्बिन बॉश (32 रन 18 गेंद) की छोटी लेकिन उपयोगी पारी के चलते टीम 147 रन तक पहुंच पाई।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार