Harmanpreet Kaur 4000 Runs in Women T20Is: इंग्लैंड महिला और भारत महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में शनिवार (30 मई) को खेले गए इस मुकाबले में हरमनप्रीत ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे कर लिए।
पंजाब के मोगा की रहने वाली 37 वर्षीय हरमनप्रीत को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मुकाबले से पहले सिर्फ 9 रन की जरूरत थी। हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन उनकी यह पारी इतिहास रचने के लिए काफी रही।
हरमनप्रीत महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन का आंकड़ा छूने वाली भारत की दूसरी और दुनिया की सिर्फ तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स और भारत की स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। हरमनप्रीत भी अब 196 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 4019 रन बना चुकी हैं।
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज:
- सुजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 4720 रन
- स्मृति मंधाना (भारत) – 4325 रन
- हरमनप्रीत कौर (भारत) – 4019 रन
- चमारी अथापथु (श्रीलंका) – 3752 रन
- सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड) – 3719 रन
हरमनप्रीत की यह उपलब्धि सिर्फ महिला क्रिकेट तक सीमित नहीं है। वह पुरुष और महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मिलाकर 4000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली चौथी भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। इस खास सूची में उनके साथ स्मृति मंधाना, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज शामिल हैं।
भारतीय खिलाड़ियों द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (पुरुष और महिला मिलाकर):
- स्मृति मंधाना – 4325 रन
- रोहित शर्मा – 4231 रन
- विराट कोहली – 4188 रन
- हरमनप्रीत कौर – 4019 रन
- सूर्यकुमार यादव – 3272 रन
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो यह मुकाबला भारत के पक्ष में नहीं रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड महिला टीम ने 168 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 142 रन तक ही पहुंच सकी और मुकाबला 26 रन से हार गई। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच 2 जून को खेला जाने वाला तीसरा मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा।