India vs England ODI: भारतीय तेज गेंदबाद गुरनूर बरार (Gurnoor Brar) को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ के पहले मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल वन का उल्लंघन करने पर चेतावनी दी गई है।
बरार को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह अनुच्छेद इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास गलत या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने" से संबंधित है।
इसके अलावा बरार के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है, जो 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध है।
यह घटना इंग्लैंड की पारी के 8वें ओवर में हुई थी, जब बरार ने फील्डिंग करते हुए गेंद उठाई और उसे गलत और खतरनाक तरीके से बल्लेबाज की तरफ फेंका। बरार ने अपनी गलती मानी है और मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा दी गई सजा को स्वीकार है। जिसके चलते औपचारिक सुनवाई की कोई ज़रूरत नहीं थी।
लेवल 1 के उल्लंघन के लिए कम से कम आधिकारिक तौर पर फटकार लगाने की सज़ा, ज़्यादा से ज़्यादा खिलाड़ी की मैच फ़ीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि तीन मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है। भारत ने पहले मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसमें बरार ने दो विकेट झटके थे। सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा।