Imesha Dulani Maiden T20I Century: श्रीलंका और पाकिस्तान महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (31 जुलाई) को दांबुला में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका की युवा सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी ने अपने करियर का पहला शतक ठोककर इतिहास रच दिया।

Advertisement

24 वर्षीय दुलानी ने इस मुकाबले में 64 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 17 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान का 177 रन का लक्ष्य एक ओवर शेष रहते हुए 6 विकेट से हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

यह इमेशा दुलानी के टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक था। इस शतक के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाली श्रीलंका की सिर्फ दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले केवल कप्तान चमारी अटापट्टू ही यह उपलब्धि हासिल कर सकी थीं। अटापट्टू के नाम इस फॉर्मेट में चार शतक दर्ज हैं।

श्रीलंका महिला टीम के लिए T20I में शतक लगाने वाली बल्लेबाज

  • 119* – चमारी अटापट्टू बनाम मलेशिया, दांबुला (2024)
  • 113 – चमारी अटापट्टू बनाम ऑस्ट्रेलिया, नॉर्थ सिडनी (2019)
  • 106* – चमारी अटापट्टू बनाम आयरलैंड, ब्रिस्टल (2026)
  • 102 – चमारी अटापट्टू बनाम स्कॉटलैंड, अबू धाबी (2024)
  • 101 – इमेशा दुलानी बनाम पाकिस्तान, दांबुला (2026)*

इतना ही नहीं, दुलानी ने अपनी इस पारी में 17 चौके लगाए, जो श्रीलंका की किसी महिला बल्लेबाज द्वारा एक टी20 इंटरनेशनल पारी में लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा चौके हैं। इससे पहले चमारी अटापट्टू ने पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ अपनी नाबाद 106 रन की पारी में भी 17 चौके लगाए थे। अब दुलानी ने इस मामले में भी उनकी बराबरी कर ली है।

अगर मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 176 रन बनाए। टीम के लिए शवाल जुल्फिकार ने 41 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान मुनीबा अली ने 24 गेंदों में 42 रन का योगदान दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score

177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को इमेशा दुलानी और कप्तान चमारी अटापट्टू ने ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। अटापट्टू 22 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन दुलानी ने एक छोर संभाले रखा और आखिर तक नाबाद रहते हुए टीम को यादगार जीत दिला दी। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार