इंग्लैंड ने एमए चिदम्बरम स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को भारत के सामने जीत के लिए 420 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 39 रन बना लिए हैं। 

Advertisement

भारत को मैच जीतने के लिए अभी 381 रन और बनाने हैं जबकि उसके पास एक दिन और 9 विकेट शेष है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 578 रन का स्कोर बनाया था और उसने भारत को उसकी अपनी पहली पारी में 337 रनों पर ऑलआउट करके 241 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। इंग्लैंड दूसरी पारी में 178 रन ही बना सकी।

Advertisement

भारत की दूसरी पारी में स्टंप्स के समय शुभमन गिल 35 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 और चेतेश्वर पुजारा 23 गेंदों पर एक चौके के सहारे 12 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 14 रनों की साझेदारी हुई है।

इंग्लैंड से मिले 420 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत सही नहीं रही और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (12) एक बार फिर से असफल रहे। रोहित टीम के मात्र 25 के स्कोर पर जैक लीच की गेंद पर बोल्ड हो गए।

उनके आउट होने के बाद आए चेतेश्व पुजारा ने गिल के साथ मिलकर स्टंप्स तक टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया।

इससे पहले, रविचंद्रन अश्विन (61 रन पर छह विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में 178 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में कप्तान जोए रूट ने सर्वाधिक 40, ओली पोप ने 28, डॉमिनीक बेस ने 25, डेनियल लॉरेंस ने 18 और डॉमिनीक सिब्ले ने 16 रन बनाए।

 
Advertisement

भारत के लिए अश्विन के छह विकेटों के अलावा शाहबाज नदीम ने दो और इशांत शर्मा तथा जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट लिया।

वहीं, भारत ने अपने तीसरे दिन (रविवार) के स्कोर छह विकेट पर 257 रन से आगे खेलना शुरू किया। सुंदर ने 33 और अश्विन ने अपनी पारी को आठ रन से आगे बढ़ाया। दोंनो बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 80 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की।

अश्विन टीम के 305 के स्कोर पर सातवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। उन्होंने 91 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के सहारे 31 रन बनाए। इसके बाद भारत ने 312 के स्कोर पर शाहबाज नदीम (0) के रूप में अपना आठवां, इशांत शर्मा (4) के रूप में अपना नौवां और जसप्रीत बुमराह (0) के रूप में अपना 10वां विकेट गंवाया।

Advertisement

हालांकि अपने करियर का मात्र दूसरा टेस्ट खेल रहे सुंदर ने भारतीय पारी को एक छोर से संभाले रखा और अपने करियर का लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। सुंदर के अर्धशतक की बदौलत भारत 300 रनों के पार तक पहुंचने में सफल रहा। सुंदर ने 138 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 85 की रनों की नाबाद पारी खेली।

उनके अलावा पुजारा ने 143 गेंदों पर 11 चौके और पंत ने 88 गेंदों पर नौ चौके और पांच छक्के लगाए। भारत तीसरे दिन एक समय 73 रन तक रोहित शर्मा (6), शुभमन गिल (29), कप्तान विराट कोहली (11), अजिंक्य रहाणे (1) के रूप में अपने चार विकेट गंवा चुका था। लेकिन पुजारा और पंत ने तीसरे दिन पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की शतकीय साझेदारी कर भारत को संकट से बाहर निकालने में मदद की थी।

इंग्लैंड की ओर से डॉमिनिक बेस ने सर्वाधिक चार विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर, जेम्स एंडरसन और जैक लीच को दो-दो सफलता मिली।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार