भारत के इंग्लैंड दौरे से पहले फैंस के लिए एक अहम अपडेट सामने आई है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीन मुकाबलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीन मुकाबलों के शुरू होने के समय में बदलाव कर दिया है। भारतीय टीम जून के आखिर में आयरलैंड दौरे के साथ अपने यूके दौरे की शुरुआत करेगी। आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलने के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड पहुंचेगी, जहां दोनों टीमों के बीच पांच टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट फैंस इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 1 जुलाई से 11 जुलाई तक खेली जाएगी, जबकि इसके बाद 14 से 19 जुलाई के बीच दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। इस बीच ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक ECB ने टी20 सीरीज के पहले, तीसरे और चौथे मुकाबले के समय में बदलाव किया है। पहले ये तीनों फ्लडलाइट मैच स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे (भारतीय समयानुसार रात 11 बजे) शुरू होने वाले थे, लेकिन अब इन्हें एक घंटा पहले शुरू कराया जाएगा। नए कार्यक्रम के अनुसार ये मुकाबले स्थानीय समयानुसार शाम 5:30 बजे और भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होंगे।
माना जा रहा है कि यह फैसला भारतीय दर्शकों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि भारत की सीरीज दुनिया भर के क्रिकेट बोर्डों के लिए सबसे ज्यादा राजस्व कमाने वाली सीरीज में शामिल होती है।
इस दौरे का एक और बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं। युवा बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। अगर उन्हें 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है, तो इंग्लैंड सीरीज में भी उन पर सभी की नजरें रहेंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड और आयरलैंड टूर के लिए भारतीय टी20 स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।