IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार (18 अगस्त) को भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) ने श्रीलंका की दूसरी पारी के दौरान बेहद मुश्किल कैच लपककर मानव सुथार (Manav Suthar) को दूसरी सफलता दिलाई।
श्रीलंका की दूसरी पारी के 22वें ओवर की चौथी गेंद भारतीय युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने ऑफ स्टंप के आसपास डाली। लाहिरु उदारा ने गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का किनारा लगने के बाद गेंद गली फील्डर की तरफ गई। वहां खड़े ध्रुव जुरेल ने बिना समय गंवाए नीचे झुकते हुए अपना दायां हाथ आगे किया और गेंद को जमीन से बेहद करीब रहते हुए लपक लिया।
जुरेल कैच लेते समय लगभग घुटनों के बल थे और उन्होंने आगे की तरफ झुककर गेंद को एक हाथ से अपने कब्जे में किया। कैच लेने के तुरंत बाद वह पूरी तरह आश्वस्त नजर आए कि गेंद उनके हाथ में सुरक्षित आई है।
हालांकि, रिप्ले में गेंद के जमीन को छूने की संभावना को लेकर थोड़ी चर्चा हुई। इसके बावजूद फील्ड अंपायर ने माना कि गेंद पूरी तरह जुरेल के हाथ में थी और उनकी उंगलियां गेंद के नीचे थीं। इसलिए कैच को साफ माना गया और लाहिरु उदारा को 58 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।
VIDEO:
इस शानदार कैच के चलते मानव सुथार को श्रीलंका की दूसरी पारी में अपना दूसरा विकेट मिला। इससे पहले सुथार ने पासिंदु सूरियाबंदारा को बिना खाता खोल पवेलियन वापिस भेज दिया था।
मैच की बात करें तो भारत की टीम चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए ऋषभ पंत ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 69 गेंदों में 66 रन बनाए।उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 75 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 35 रन बनाए।
पहली पारी में भारत को मिली 178 रन की बढ़त के आधार पर श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 84 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए। अब मुकाबले के आखिरी दिन श्रीलंका को जीत के लिए 288 रन और बनाने होंगे, जबकि भारतीय टीम को जीत के लिए छह विकेट की जरूरत है।