Ind vs Sl 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार (17 अगस्त) को मैदान पर एक मजेदार लेकिन डराने वाला पल देखने को मिला। भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद (Mohammed Siraj) सिराज का एक जोरदार थ्रो फील्ड अंपायर अहसान रजा (Ahsan Raza) के बेहद करीब से निकल गया। इस बीच स्टंप्स के पास खड़े रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) का रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना श्रीलंका की पहली पारी के आखिरी सेशन में देखने को मिली। बल्लेबाजी कर रहे सोनल दिनुशा ने पॉइंट की दिशा में शॉट खेला, जिसे वहां फील्डिंग कर रहे मोहम्मद सिराज ने तेजी से दौड़कर उठाया और पूरी ताकत के साथ स्टंप्स की तरफ थ्रो कर दिया। स्टंप्स के पास रवींद्र जडेजा मौजूद थे, लेकिन सिराज का यह तेजतर्रार थ्रो अंपायर अहसान रजा की तरफ चला गया। गेंद को अपनी ओर तेजी से आता देख रजा ने तुरंत नीचे झुककर खुद को उसकी लाइन से हटाया और बाल-बाल बच गए।
गनीमत रही कि गेंद अंपायर को लगी नहीं और वह पूरी तरह सुरक्षित रहे। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में रवींद्र जडेजा का रिएक्शन देखने लायक था। सिराज के इस रॉकेट थ्रो के बाद जडेजा के चेहरे के भाव कैमरे में कैद हो गए और यही पल सोशल मीडिया पर फैंस को खूब पसंद आ रहा है। मैच के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने इस मजेदार पल का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंटर पर शेयर किया है।
VIDEO:
मैच की बात करें तो तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई और भारत को पहली पारी में 178 रन की बड़ी बढ़त मिली। श्रीलंका के लिए इस पारी में सोनल दिनुशा ने 168 गेंदों में 100 रन की शानदार पारी खेलकर पहला टेस्ट शतक पूरा किया, जबकि निरोशन डिकवेला ने भी 115 गेंदों में अहम 80 रन बनाए।
भारत की ओर से गेंदबाजी में मानव सुथार ने 4 विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट अपने नाम किए। कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को भी 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इससे पहले भारतीय टीम ने देवदत्त पडिक्कल की शानदार 167 रन की शतकीय पारी के दम पर अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए।