IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने पांचव दिन बुधवार (19 अगस्त) को मेजबान श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस हार के बाद श्रीलंका की मुश्किलें अब और बढ़ती दिख रही हैं, क्योंकि टीम के दो अनुभवी खिलाड़ी दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

Advertisement

श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस और अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल दूसरे टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिन्हालेज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है।

कुसल मेंडिस पहले टेस्ट में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। उन्हें पिछले महीने लंका प्रीमियर लीग 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। उनकी चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है और श्रीलंका के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने गॉल टेस्ट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए साफ कर दिया है कि मेंडिस कुछ समय तक टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

वहीं, दिनेश चांदीमल को गॉल टेस्ट के चौथे दिन कनकशन की समस्या के कारण मैदान से बाहर होना पड़ा था। उनकी जगह श्रीलंका ने युवा बल्लेबाज पसिंदु सूरियाबंदारा को डेब्यू का मौका दिया था। अब आईसीसी के नियमों के चलते चांदीमल भी कोलंबो टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।

श्रीलंका की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका का भी दूसरे टेस्ट में खेलना मुश्किल माना जा रहा है। निसांका हाल ही में कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं और अभी उनकी फिटनेस को लेकर स्थिति साफ नहीं है।

Also Read: LIVE Cricket Score

श्रीलंका ने अभी तक दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान नहीं किया है। भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद अब मेजबान टीम के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है और इसके लिए उसे कोलंबो में मजबूत वापसी करनी होगी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार