IND-W vs ZIM-W 2nd T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार (18 अक्टूबर) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया। जिम्बाब्वे के 103 रन के लक्ष्य को शेफाली वर्मा (Shafali Verma) और स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने बड़ी आसानी से 67 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई। सबसे पहले टीम की सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु 11 गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सकीं। वहीं, बिलव्ड बिजा 13 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गईं। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद जिम्बाब्वे की टीम की रन बनाने की रफ्तार काफी धीमी हो गई।
हालांकि, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने जरुर 35 गेंदों में 27 रन बनाए। वहीं, इसके बाद कप्तान जोसेफिन नकोमो ने भी एक छोर से 34 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का ज्यादा साथ नहीं मिला। जिसके चलते जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन ही बना सकी।
भारत की ओर से गेंदबाजी में निकी प्रसाद ने दो विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ को एक-एक सफलता मिली।
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाया और पहले विकेट के लिए महज 47 गेंदों में 96 रन की साझेदारी कर डाली। इस दौरान शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 55 रन ठोक दिए। उनकी पारी ने भारत की जीत लगभग तय कर दी।
दूसरे छोर पर स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 25 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने जिम्बाब्वे के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। टीम की ओर से बिलव्ड बिजा को ही एकमात्र विकेट मिल पाया।
इस तरह भारतीय टीम ने 8.5 ओवर में ही 103 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और यह मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया।