India Women vs Zimbabwe Women 3rd ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। बुधवार (28 अक्टूबर) को कोटंबी के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 17 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। टीम की बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहीं और पूरी पारी 39.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई।

जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिक्वा ने 48 गेंदों में 37 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। वहीं, कप्तान जोसेफिन नकोमो ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 35 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।

भारत की ओर से 20 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं, क्रांति गौड़ और सयाली सतघरे ने 2-2 विकेट झटके।

132 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। वहीं, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी शेफाली वर्मा ने आते ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। उन्होंने महज 26 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। प्रतीका और शेफाली की इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 17 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

जिम्बाब्वे की ओर से नोमवेलो सिबांडा और लोरिन फिरी को ही 1-1 विकेट मिला पाया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप किया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार