फातुल्लाह (बांग्लादेश), 14 जून (आईएएनएस)| खान साहेब उस्मान अली स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच रविवार को पांचवें दिन बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया। पहले चार दिन की तरह मैच में आखिरी दिन भी बारिश का बोलबाला रहा और पहले सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। भारत द्वारा पहली पारी में छह विकेट के नुकसान पर बनाए गए 462 रनों के जवाब में चौथे दिन के तीन विकेट के नुकसान पर 111 रनों से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम आखिरी दिन 256 रनों पर सिमट गई। मेजबान टीम फॉलोऑन को मजबूर हुई और फॉलोऑन खेलते हुए बिना किसी नुकसान के 23 रन बनाए। तमीम इकबाल 16 और इमरुल कायेस सात रन बनाकर नाबाद लौटे।

Advertisement

बांग्लादेश की पहली पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाते हुए रविचंद्रन अश्विन ने पांच जबकि हरभजन सिंह ने तीन विकेट हासिल किए। वरुण एरॉन को एक सफलता मिली। अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में विदेश पिच पर पहली बार एक ही पारी में पांच विकेट हासिल किए हैं। 

Advertisement

इससे पहले हालांकि वह नौ बार पांच विकेट चटकाने में जरूर कामयाब रहे लेकिन यह सभी उपलब्धियां उन्होंने भारतीय पिच पर हासिल की।

बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में इमरुल कायेस ने सर्वाधिक 72 रन बनाए। कायेस ने 139 गेंदों की पारी में 12 चौके लगाए। अपना पहला टेस्ट खेल रहे लिटन दास ने 45 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 44 रनों का योगदान दिया। 

सौम्य सरकार 37 जबकि मोमिनुल हक 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शाकिब अल हसन केवल नौ रन बना सके।

इससे पूर्व, सुबह का सत्र बारिश में धुलने के बाद लगभग दो घंटे के विलंब के बाद पांचवें दिन का खेल भोजनकाल बाद भारतीय समयानुसार अपराह्न् 12.15 बजे शुरू हुआ। कायेस और शाकिब ने दिन के पारी शुरू की। 

Advertisement

शाकिब को नौ के निजी योग पर हरभजन सिंह ने आउट किया। इमरुल 172 के कुल योग पर आउट हुए। इसके बाद सौम्य सरकार ने 37 रनों की आकर्षक पारी खेली। सौम्य ने 54 गेंदों पर सात चौके लगाए। 

यह टेस्ट मैच बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित रहा। पहले दिन 56 ओवर फेंके जा सके थे। दूसरे दिन एक भी ओवर नहीं फेंका जा सका। तीसरे दिन 43.3 ओवरों का खेल ही हो सका और चौथे दिन 30.1 ओवर ही फेंके जा सके।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार