ZIM vs IND 2nd T20I: भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। ईशान किशन और तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 129 रन पर समेट दिया।

Advertisement

जिम्बाब्वे और भारत के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (25 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया।

भारत की शुरुआत आक्रामक रही। युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 9 गेंदों में 20 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, हालांकि वह अपनी पारी को बड़ा नहीं बना सके। इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्हें तिलक वर्मा का बेहतरीन साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 94 रन की अहम साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिलक वर्मा ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुज़ारबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रायन बेनेट, ब्रैड इवांस और न्यूमैन न्यामहूरी ने 1-1 विकेट हासिल किया।

220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों में 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। टीम के लिए कुछ रन जोड़ते हुए तदिवानाशे मारुमनी ने 19 गेंदों में 24 रन, रयान बर्ल ने 18 गेंदों में 20 रन और ब्रैड इवांस ने 11 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया। लेकिन यह टीम को जीत तक ले जाने में काफी नहीं रहा और जिम्बाब्वे पूरी पारी 17.5 ओवर में सिर्फ 129 रन पर सिमट गई।

भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए 3 विकेट झटके। प्रिंस यादव और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को भी 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस शानदार जीत के साथ भारत ने मुकाबला 90 रन से अपने नाम किया और तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करते हुए सीरीज भी अपने कब्जे में कर ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार