India vs Afghanistan 3rd ODI: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट झटके, जबकि बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाकर टीम को आसान जीत दिलाई।
वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार (20 जून) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा।
अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। रहमानुल्लाह गुरबाज और रहमत शाह 5-5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि इब्राहिम जादरान भी 11 रन ही बना सके। टीम ने 10 ओवर के अंदर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।
इसके बाद कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने जरुर एक छोर संभालकर 131 गेंदों में 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं अज़मतुल्लाह ओमरजई ने भी कुछ देर उनका साथ देते हुए 56 गेंदों में 50 रन बनाए। लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई।
भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 8.2 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसके अलावा हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया।
219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 139 गेंदों में 170 रन जोड़कर मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया। रोहित शर्मा ने 69 गेंदों में 79 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल अंत तक डटे रहे और 86 गेंदों में नाबाद 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 13 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
इस तरह भारत ने 28.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी ही एकमात्र विकेट लेने में सफल रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया और शानदार अंदाज में सीरीज का समापन किया।