India vs Afghanistan 2nd ODI: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार (17 जून) को खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 170 रन से करारी शिकस्त दी। शुभमन गिल और ईशान किशन के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने 402 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 232 रन पर सिमट गई।
इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत झटका यशस्वी जायसवाल (4) के रुप में जल्दी लग गया। हालांकि इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी को संभाला। रोहित ने 39 गेंदों में 48 रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए गिल के साथ 87 रन की साझेदारी की।
रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी की और मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया। गिल ने 110 गेंदों में 154 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने सिर्फ 79 गेंदों में 125 रन ठोक दिए। इन दोनों बल्लेबाजों के शतकों की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में नांगेयालिया खरोटी ने 4 विकेट लिए। राशिद खान को 3 विकेट मिले, जबकि मोहम्मद सलमी सफी और एएम गजनफर ने 1-1 सफलता हासिल की।
403 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को शुरुआत से ही दबाव का सामना करना पड़ा। इब्राहिम जादरान 21 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज भी 33 गेंदों में 41 रन ही जोड़ पाए। सेदिकुल्लाह अटल ने भी 50 गेंदों में 42 रन बनाए।
इसके बाद एक छोर पर रहमत शाह ने संघर्ष करते हुए 89 गेंदों में 79 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा समर्थन नहीं मिला। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत के लिए गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। डेब्यू मैच खेल रहे प्रिंस यादव ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि वाशिंगटन सुंदर को 1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह भारत ने यह मुकाबला 170 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली और एक मैच शेष रहते हुए वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली।