England vs India 3rd ODI: लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के निर्णायक वनडे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। बेन डकेट के शानदार शतक और जैकब बेथेल की दमदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत के लिए भी रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल ने अच्छी पारियां खेली, लेकिन टीम 360 रन तक ही पहुंच सकी।

Advertisement

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (19 जुलाई) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। इस निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को जैकब बेथेल और बेन डकेट ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की बड़ी साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। जैकब बेथेल शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उन्होंने 93 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेली।

वहीं दूसरे छोर से बेन डकेट ने शानदार लय में बल्लेबाजी जारी रखी और शतक जड़ते हुए 135 गेंदों में 141 रन बनाए। मध्य ओवरों में जो रूट ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में नाबाद 78 रन बनाए। आखिरी ओवरों में जोस बटलर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 41 रन ठोक दिए और टीम ने 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रिंस यादव को 1 सफलता मिली।

388 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को भी रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने अच्छी दिलाकर पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े। शुभमन गिल ने 84 गेंदों में 77 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ते हुए 110 गेंदों में 138 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

इसके बाद विराट कोहली ने भी शानदार लय में बल्लेबाजी की और उनकी रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रन की अहम साझेदारी हुई। रोहित के आउट होने के बाद कोहली ने 60 गेंदों में 74 रन बनाकर भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन उनके आउट होते ही मैच पूरी तरह इंग्लैंड की पकड़ में चला गया। आखिरकार भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 360 रन ही बना सकी और 27 रन से मुकाबला हार गई। इस हार के साथ भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इससे पहले टीम टी20 सीरीज भी 4-0 से गंवा चुकी थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सैम करन ने 4 विकेट झटके। वहीं जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जैकब बेथेल ने 1-1 विकेट हासिल किया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार