Pratika Rawal Injury Update: भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। युवा ओपनर प्रतिका रावल चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रिया पुनिया को टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। युवा सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गई हैं। भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने बुधवार (8 जुलाई) को इसकी पुष्टि की। उनकी जगह टीम में प्रिया पुनिया को शामिल किया गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच यह एकमात्र टेस्ट मुकाबला 10 से 13 जुलाई के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब लॉर्ड्स में महिला टेस्ट मैच आयोजित किया जाएगा, ऐसे में इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साह है।
प्रतिका रावल ने इसी साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ के WACA मैदान पर अपना टेस्ट डेब्यू किया था और उनसे उम्मीद थी कि वह लॉर्ड्स टेस्ट में भी टीम का हिस्सा रहेंगी। हालांकि, चोट ने उनके सपने पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है।
दरअसल, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में प्रतिका के टखने और घुटने में गंभीर चोट लगी थी। इस चोट के कारण उन्हें पूरे टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद वह महिला प्रीमियर लीग 2026 और पूरा घरेलू सीजन भी नहीं खेल सकीं।
हालांकि, वर्ल्ड कप में चोटिल होने से पहले प्रतिका ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने छह पारियों में 308 रन बनाए थे और वह भारत की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। भारत ने बाद में वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता था।
दूसरी ओर, उनकी जगह टीम में आईं प्रिया पुनिया शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में इंग्लैंड ए के खिलाफ भारत ए की वनडे सीरीज में उन्होंने दमदार बल्लेबाजी की थी। प्रिया ने तीन मुकाबलों में 171 रन बनाए और दो अर्धशतक भी जड़े। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ए ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
29 वर्षीय प्रिया पुनिया ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में भारतीय टीम के लिए खेला था। हालांकि, उन्हें अभी तक टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में लॉर्ड्स टेस्ट उनके लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है।