England vs India 5th T20I: साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में शनिवार (11 जुलाई) को खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 56 रन से करारी शिकस्त दी। जोस बटलर और हैरी ब्रूक की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने 257 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में भारतीय टीम 201 रन ही बना सकी। 

Advertisement

इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनका यह फैसला कुछ ही देर में गलत साबित होता नजर आया। भारत को शुरुआती सफलता जरूर जल्दी मिली और फिल सॉल्ट सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने ऐसा पलटवार किया कि भारतीय गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं बचा। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 103 गेंदों में 233 रन जोड़ दिए। 

जोस बटलर अपने पुराने अंदाज में दिखे और उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों में 131 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर कप्तान हैरी ब्रूक भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने 45 गेंदों में नाबाद 95 रन बनाए। इन दोनों की शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 257 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में शिवम दुबे ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 1 सफलता मिली।

इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की तरफ से कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं आई। टीम के लिए सबसे बड़ी पारियों के रुप में ईशान किशन ने 35 गेंदों में 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रन बनाए।

इसके अलावा संजू सैमसन, जिन्हें एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था, उन्होंने शुरुआत में कुछ रन जोड़ते हुए 14 गेंदों में 27 रन बनाए। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और नतीजा यह रहा कि निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सकी और मुकाबला 56 रन से हार गई।

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सैम करन ने 3 विकेट चटकाए। वहीं आदिल रशीद को 2 विकेट मिले, जबकि जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और लियाम डॉसन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस शानदार जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत का 4-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार