मेलबर्न, 26 दिसम्बर - भारत और आस्ट्रेलिया के बीच यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच का पहला दिन बुधवार पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा के नाम रहा। इन दोनों की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 89 ओवरों में दो विकेट खोकर 215 रन बनाते हुए अपने आप को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है।

Advertisement

स्टम्पस तक पुजारा 66 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ कप्तान विराट कोहली 47 रन बनाकर क्रिज पर डटे हुए हैं।

मयंक ने 161 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 76 रनों की पारी खेली। मयंक पदार्पण टेस्ट में अर्धशतक जमाने वाले भारत के सातवें सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही वह पदार्पण मैच में आस्ट्रेलियाई जमीन पर सर्वोच्च स्कोर करने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। 

कोहली ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। भारत ने इस मैच में नई सलामी जोड़ी को आजमाया जो एक तरह से सफल रही। उम्मीद के विपरीत पिच धीमा खेल रही थी और इसी को भांपते हुए मयंक के साथ पारी की शुरूआत करने आए हनुमा विहारी ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। 

मयंक लगातार अपने खेल के अनुरूप स्ट्राइक रोटेट कर रहे थे तो वहीं विहारी ने गेंद को पुराना करने का जिम्मा उठाया। उन्होंने खाता खोलने के लिए 22 गेंदें ली। 

 
Advertisement

18.5 ओवर में पैट कमिंस ने फिंच के हाथों विहारी को कैच करा उनकी 66 गेंदों में आठ रनों की पारी का अंत किया। विहारी का विकेट 40 के कुल स्कोर पर गिरा। पहले सत्र का खेल खत्म होने तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाए। 

दूसरे सत्र में मयंक ने संयम के साथ बल्लेबाजी करना जारी रखा। वह अपने पहले मैच में रन बनाने की जल्दबाजी में नहीं थे और गेंद से हिसाब से अपना नैचुरल खेल खेल रहे थे। उन्होंने इस बीच आस्ट्रेलिया के सभी गेंदबाजों का अच्छा सामना किया। अभी तक भारत के सभी बल्लेबाजों पर हावी रहने वाले नाथन लॉयन को भी मयंक ने अच्छे से खेला और उन्हीं की गेंद पर चौका मार अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। 

उन्होंने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को भी कमिंस ने तोड़ा। तेज गेंदबाज ने 123 के कुल स्कोर पर मयंक को विकेट के पीछे टिम पेन के हाथों कैच कराया। कमिंस की लेग स्टम्प पर पटकी गई गेंद मयंक के ग्ल्वस को छूती हुई पेन के दस्तानों में जा समाई। मयंक ने अपनी शानदार पारी में 161 गेंदें खेली जिनमें से आठ पर चौके और एक पर छक्का मारा। मयंक के आउट होते ही चायकाल की घोषणा कर दी गई। 

मयंक के जाने के बाद आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के लिए पुजारा सिरदर्द बन गए। पुजारा ने अपने फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा। इसमें उन्हें कोहली का साथ मिला। दोनों ने तीसरे सत्र में मेजबान टीम के गेंदबाजों को मायूस करते हुए विकेट नहीं लेना दिया। दोनों ने अभी तक तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी कर ली है। 

आस्ट्रेलिया के पास कोहली को आउट करने का मौका आया था, लेकिन 47 के ही निजी स्कोर पर टिम पेन ने स्टार्क की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया। 

पुजारा ने अपनी पारी में अभी तक 200 गेंदें खेलीं और छह चौके मारे हैं। अपने अर्धशतक से तीन रन दूर कप्तान ने भी छह चौके मारे हैं और 107 गेंदों का सामना किया है। 

आस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ कमिंस ही विकेट ले पाए हैं। 


आईएएनएस

लेखक के बारे में

Cricketnmore Editorial
Cricketnmore Editorial Team: Launched In 2014, Cricketnmore is an award winning sports website that provides latest cricket news in Hindi, English, Punjabi & Tamil. A seven year long dream comes true when Cricketnmore has found its tribe in a global sporting firm that recently invested and bought all stakes in the company. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार