मुंबई, 30 मार्च | आस्ट्रेलिया के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अपने विजयी क्रम को जारी रखते हुए फाइनल में प्रवेश करना चाहेगी। दोनों टीमें गुरुवार को आईसीसी टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

वर्ल्ड टी- 20 के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ मात खाने के बाद 2007 में हुए पहले वर्ल्ड टी- 20 की विजेता टीम भारत ने शानदार वापसी की है। मेजबानों ने अपने शानदार खेल से पाकिस्तान, बांग्लादेश और आस्ट्रेलिया को शिकस्त दे कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

सेमीफाइनल में भारत-वेस्टइंडीज दोनों ही टीमों का मकसद तीन अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाले फाइनल में प्रवेश करना होगा।

दूसरी तरफ वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीन जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की टिकट पक्का कर लिया था लेकिन अपने अंतिम ग्रुप मैच में उसे अफगानिस्तान ने करारी और शर्मनाक मात दी थी।

गुरुवार को डैरेन सैमी के नेतृत्व वाली वेस्टइंडीज टीम एक नए दिन नई शुरुआत करेगी।

भारत को सेमीफाइनल से पहले बड़ा लग सकता है। अभी तक भारत की हर जीत में निर्णायक भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह चोट के चलते टीम से बाहर हो सकते हैं। उनकी जगह मनीष पांडेय को टीम में शामिल किया गया है।

पूरे वर्ल्ड टी- 20 में बाहर बैठने वाले अंजिक्य रहाणे को गुरुवार को विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है। युवराज की चोट को छोड़ दें तो भारतीय टीम इस समय संतुलित नजर आ रही है। विराट कोहली इस समय शानदार फॉर्म में हैं और टीम की बल्लेबाजी की धुरी बने हुए हैं।

कोहली ने अभी तक विश्व कप के चार मैचों में 182 रन बनाए हैं और लगातार टीम को जीत दिलाते आ रहे हैं। भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धौैनी के लिए सबसे बड़ी चिंता सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन का लगातार अच्छा प्रदर्शन न कर पाना है। वहीं मध्य क्रम में सुरेश रैना का बल्ला भी काफी समय से खामोश है। यह भी भारतीय कप्तान के लिए चिंता का विषय है।

यह तीनों ही बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में अभी तक असफल रह हैं। रहाणे अगर टीम में आते हैं तो टीम वेशक मजबूत होगी। निचले क्रम में धौनी और हार्दिक पंड्या टीम के लिए जरूरी योगदान देते आ रहे हैं।

भारतीय गेंदबाजी विश्व कप में अभी तक काफी प्रभावशाली रही है। टीम के गेंदबाज समय-समय पर विकेट लेते रहे हैं और अंतिम ओवरों में रन भी रोकते रहे हैं।

टीम की गेंदबाजी की कमान अनुभवी आशीष नेहरा पर होगी जिन्होंने अपने अनुभव का अभी तक शानदार इस्तेमाल किया है और जसप्रीत बुमराह जैसे युवा गेंदबाज की भी काफी मदद की है। रविचन्द्रन अश्विन आस्ट्रेलिया के खिलाफ थोड़े महंगे जरूर साबित हुए थे लेकिन वह किसी भी बल्लेबाज के लिए खतरा बन सकते हैं।

रविन्द्र जडेजा और हार्दिक पंड्या दोनों से टीम को अपने मौजूदा प्रदर्शन का जारी रखने की उम्मीद होगी। दूसरी तरफ वेस्टइंडीज को भी सेमीफाइनल से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के बल्लेबाज आंद्रे फ्लैचर मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह लिंडेल सिमंस को टीम में जगह मिली है।

वेस्टइंडीज की टीम धुआंधार बल्लेबाज क्रिस गेल पर काफी हद तक निर्भर करेगी। गेल इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में 48 गेंदों पर 100 रन की आतिशी पारी खेल अपनी फॉर्म में होने के संकेत दे दिए थे। गेल के अलावा टीम के पास टी-20 विशेषज्ञ काफी खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए खतरा बन सकते हैं।

जॉनसन चार्ल्स, मार्लन सैमुएल्स, हरफनमौला सैमी, ड्वान ब्रावो, आंद्रे रसैल और कार्लोस ब्रेथवेट से सजी यह टीम टी-20 की एक खतरनाक टीम है जो कहीं से भी मैच अपने नाम करने का दम रखती है।

भारतीय परिस्थति में वेस्टइंडीज के स्पिनर सैमुएल बद्री और सुलेमन बेन अभी तक टीम के कारगर साबित हुए हैं। टीम चाहेगी की वह भारत के खिलाफ भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखें।

टीम:
भारत: धोनी (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अंजिक्य रहाणे, मनीष पांडेय, सुरेश रैना, रविचन्द्रन अश्विन, रविन्द्र जडेजा, मोहम्मद समी, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, पवन नेगी, आशीष नेहरा, हार्दिक पंड्या।

वेस्टइंडीज: डैरेन सैमी (कप्तान), क्रिस गेल, जॉनसन चार्ल्स, मार्लन सैमुएल्स, लेंडल सिमंस, ड्वाएन ब्रावो, दिनेश रामदीन, आंद्र रसैल, जेसन होल्डर, कार्लोस ब्रेथवेट, एशले नर्स, जेरोम टेलर, सुलेमान बेन, सैमुएल बद्री।

एजेंसी

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार