अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का जलवा लगातार जारी है और अब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले गए 27वें मुकाबले में पाकिस्तान को धूल चटाने के साथ ही भारत ने एक ऐसा कीर्तिमान बना दिया है जो अभी तक दुनिया की कोई भी टीम नहीं कर पाई है। टीम इंडिया ICC टूर्नामेंट में लगातार 16 मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। ये उपलब्धि पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ आई है।
भारतीय टीम ने ये कारनामा 2024 से 2026 तक खेले गए आईसीसी टूर्नामेंट के दौरान किया है और मौजूदा टूर्नामेंट में टीम इंडिया जैसा खेल रही है ये स्ट्रीक और लंबी हो सकती है। इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पास था जिन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट्स में लगातार15, 14 और 13 मैचों की तीन अलग-अलग स्ट्रीक बनाई थीं, लेकिन भारत ने 16 जीत के साथ सभी को पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा 2012–2014 में भारत की 12 मैचों की एक और स्ट्रीक रही थी। इसके अलावा 2023 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी भारत ने लगातार 10 मैच जीतकर एक स्ट्रीक बनाई थी लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार से वो स्ट्रीक और करोड़ों दिल टूट गए थे लेकिन भारतीय टीम का क्रिकेट में जो दबदबा देखने को मिल रहा है, उसे देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले समय में भारतीय टीम ऐसे और कई रिकॉर्ड बनाएगी।
वहीं, अगर पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच की बात करें तो 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ही थोड़ा टिककर बल्लेबाजी कर सके। उस्मान खान ने कुछ देर संघर्ष करते हुए 34 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सका और टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। नतीजन पाकिस्तान की पारी 114 रन पर ही सिमट गई और भारत ने 61 रनों से जीत हासिल कर ली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए। इसके अलावा तिलक वर्मा और कुलदीप यादव ने भी 1-1 सफलता हासिल की।