आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज़ कुछ ही दिनों में होने वाला है। इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई और उसी दौरान, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने जवाब से पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की याद दिला दी। हरमनप्रीत अपने 10वें आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रही हैं और 37 साल की उम्र में, ऐसी चर्चाएं हैं कि ये उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है।
हालांकि, लंदन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर के साथ हुई बातचीत में कौर ने संन्यास की इन अटकलों को खारिज कर दिया। रिपोर्टर ने 37 वर्षीय खिलाड़ी से पूछा कि क्या आने वाला टूर्नामेंट उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा, जिस पर हरमनप्रीत ने सवाल का मजेदार जवाब दिया और रिपोर्टर की बोलती बंद करवा दी। हरमन ने पूछा, "क्यों? क्या आपको लगता है कि मुझे रुक जाना चाहिए?"
जब रिपोर्टर ने 'नहीं' में जवाब दिया, तो हरमनप्रीत ने पलटकर पूछा, "तो फिर आप ये सवाल क्यों पूछ रहे हैं?"
हरमन के जवाब की ये क्लिप सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गई और फैंस ने भारतीय कप्तान के आत्मविश्वास और हाज़िरजवाबी की तारीफ़ की। कई लोगों ने इस बातचीत की तुलना धोनी के करियर के सबसे यादगार प्रेस कॉन्फ्रेंस पलों में से एक से भी की। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, एक रिपोर्टर ने धोनी से पूछा था कि क्या दिल तोड़ने वाली हार के बाद उन्होंने संन्यास के बारे में सोचा है। पूर्व भारतीय कप्तान ने पत्रकार को अपने बगल में बैठने के लिए कहा और फिर उनकी फ़िटनेस, दौड़ने की क्षमता और उम्र के बारे में कई सवाल पूछे।
Also Read: LIVE Cricket Score
आखिरकार धोनी ने कहा कि रिपोर्टर ने खुद ही अपने सवाल का जवाब दे दिया है। ये एक ऐसा वायरल पल बन गया जिसे आज भी क्रिकेट की सबसे बेहतरीन प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रतिक्रियाओं में से एक माना जाता है। एक दशक बाद, हरमनप्रीत ने भी कुछ ऐसा ही अंदाज़ अपनाया और संन्यास की अटकलों पर सीधे बात करने के बजाय सवाल को वापस रिपोर्टर की ओर ही मोड़ दिया।