India vs Ireland T20I Series Match Timings Revised: भारत और आयरलैंड के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है। क्रिकेट आयरलैंड ने मैचों के शुरू होने के समय को एक घंटे पहले करने का फैसला लिया है।
भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को बेलफास्ट में खेली जाने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के मैच टाइम में बदलाव किया गया है। दोनों मुकाबले अब स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे, जो भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे होगा।
आमतौर पर भारतीय पुरुष टीम के टी20 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होते हैं, लेकिन इस बार आयोजकों ने मैचों को एक घंटा पहले शुरू कराने का फैसला किया है। इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह 28 जून को भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीमों के बीच खेला जाने वाला आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला है। यह मैच लॉर्ड्स में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा।
हालांकि मैच टाइम में बदलाव के बावजूद दोनों मुकाबलों के प्रसारण में कुछ हद तक ओवरलैप होने की संभावना बनी रहेगी, लेकिन क्रिकेट आयरलैंड का मानना है कि एक घंटे का अंतर दर्शकों को दोनों मुकाबलों का ज्यादा हिस्सा देखने का मौका देगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बदलाव को लागू करने के लिए क्रिकेट आयरलैंड ने भारतीय ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स के साथ भी चर्चा की। आमतौर पर ब्रॉडकास्टर अधिक दर्शकों के लिए 7 बजे के स्लॉट को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने भी मैच को पहले शुरू कराने पर सहमति जताई है।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड की टीम:
लॉर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडेयर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गेविन होई, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन।