महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम शुक्रवार को यहां दुबई इंटरनेशल स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2021 के फाइनल मुकाबले में इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने चौथे खिताब के लिए उतरेगी जबकि कोलकाता की नजरें भी तीसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर होगी। सीएसके का 12 सीजन में यह नौंवां फाइनल है। उन्होंने 2010, 2011 और 2018 में ट्रॉफी जीती थी जबकि केकेआर ने गौतम गंभीर की कप्तानी में 2012 और 2014 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। केकेआर का यह तीसरा फाइनल है। कोलकाता ने 2012 में सीएसके को हराकर अपना पहला खिताब जीता था और शुक्रवार को एक बार फिर दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

Advertisement

सीएसके ने क्वालीफायर-1 में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आईपीएल 2021 के फाइनल में जगह बनाई थी जबकि केकेआर ने क्वालीफायर-2 में दिल्ली को तीन विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

Advertisement

दोनों टीमों के बीच खिताबी मैच के साथ ही यह धोनी और मोर्गन जैसे दो सर्वश्रेष्ठ सीमित ओवरों के कप्तानों के बीच भी मुकाबला है।

सीएसके के लिए फॉफ डू प्लेसिस, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली और रविंद्र जडेजा ने बल्ले से बखूबी काम किया है। लेकिन इन्हें अब वरूण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन और सुनील नारायण जैसे केकेआर के स्पिन तिकड़ी का सामना करना है।

हालांकि, शारजाह की धीमी पिच की तुलना में दुबई की पिच अच्छी है। सीएसके के लिए अंबाटी रायुडू, रॉबिन उथप्पा और धोनी मध्य क्रम में फायदेमंद हो सकते हैं।

इनके अलावा दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जोश हेजलवुड और ड्वेन ब्रावो ने गेंदबाजी से सीएसके के लिए बेहतर किया है। लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए वे दबाव में आ जाते हैं।

Advertisement

दूसरी तरफ केकेआर की टीम है जिसने आईपीएल के दूसरे चरण में अपने प्रदर्शन से सभी को चकित किया है। कोलकाता के सफल होने का राज युवा खिलाड़ियों का भयमुक्त होकर खेलना भी है।

शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर ने टीम को बेहतरीन शुरूआत दिलाई है और राहुल त्रिपाठी तथा नितीश राणा ने भी योगदान दिया है।

आंद्रे रसेल की अनुपस्थिति में जो चोटिल होने के कारण पिछले कुछ मैचों से बाहर चल रहे हैं, शाकिब की ऑलराउंड क्षमता केकेआर को संतुलित कर रही है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि रसेल फाइनल में खेलेंगे या नहीं।

Advertisement

केकेआर के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और शिवम मावी विकेट लेने में सफल रहे हैं जबकि वरूण और नारायण विपक्षी टीम को परेशान करने में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

केकेआर के लिए हालांकि, मोर्गन और दिनेश कार्तिक की फॉर्म चिंता का विषय है। यह दोनों खिलाड़ी दिल्ली के खिलाफ खाता खोले बिना आउट हुए थे।

चेन्नई और कोलकाता का रिकॉर्ड (CSK vs KKR Head to Head Record)

Advertisement

चेन्नई औऱ कोलकाता के बीच कुल 25 मैच खेले गए हैं, जिसमें 16 मैच चेन्नई ने और कोलकाता ने 8 में जीत हासिल की है। जबकि एक मैच बिना किसी परिणाम के खत्म हुआ है। पिछले पांच मुकाबलों की बात की जाए तो चेन्नई ने चार और कोलकाता ने सिर्फ एक मैच जीता है। इस सीजन खेले गए दोनों मैच में चेन्नई विजयी रही। 

टीमें ( संभावित टीम)

कोलकाता नाइट राइडर्स: इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), लॉकी फर्ग्यूसन, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी, शिवम मावी, शुभमन गिल, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, वेंकटेश अय्यर, पवन नेगी।

Advertisement

चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), अंबाती रायुडू, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो, फॉफ डू प्लेसिस, रविंद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, मोइन अली, रॉबिन उथप्पा, जोश हेजलवुड। 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार