दिल्ली कैपिटल्स के खराब प्रदर्शन का सिलसिला जारी है और उसे शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 23 रन से हारकर आईपीएल 2023 में लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (50) के शानदार अर्धशतक से 20 ओवर में छह विकेट पर 174 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और दिल्ली को 20 ओवर में नौ विकेट पर 151 रन पर रोककर चार मैचों में अपनी दूसरी जीत हासिल की।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरूआत बेहद खराब रही और उसने मात्र दो रन पर अपने तीन बल्लेबाज गंवा दिए। पृथ्वी शॉ खाता खोले बिना रन आउट हुए जबकि मिचेल मार्श भी खाता खोले बिना वेन पार्नेल की गेंद पर आउट हुए। यश धुल एक रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर पगबाधा हो गए। कप्तान डेविड वार्नर 19 रन बनाकर टीम के 30 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे।

Advertisement

मनीष पांडेय ने एकतरफा संघर्ष करते हुए 50 रन बनाये लेकिन उनका विकेट 98 के स्कोर पर गिरा। अक्षर पटेल ने 21 और अमन खान ने 18 रन बनाये। एनरिक नोत्र्जे ने 14 गेंदों में चार चौकों के सहारे नाबाद 23 रन बनाकर दिल्ली को 151 तक पहुंचाया।

बेंगलुरु की तरफ से विजय कुमार वैशाख ने 20 रन पर तीन विकेट झटके जबकि मोहम्मद सिराज ने 23 रन पर दो विकेट लिए।

पिच भले ही धीमी थी लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने अपनी पारी की शुरूआत में जिस तरीके से विकेट लुटाए, उससे लक्ष्य पहाड़ जैसा बन गया। हर दिन एंकर की भूमिका निभाने वाले वॉर्नर की आज स़ख्त जरूरत थी लेकिन वह भी जल्दी आउट हो गए। मनीष ने थोड़ा संघर्ष जरूर किया लेकिन वह फिनिश नहीं कर पाए। बेंगलुरु के सभी तेज गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की लेकिन विजयकुमार ने अपने पहले मैच में जिस तरीके की गेंदबाजी की, वह काबिल ए तारीफ है।

दिल्ली के कप्तान डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु के अन्य बल्लेबाजों में कप्तान फाफ डुप्लेसी ने 22, महिपाल लोमरोर ने 26, आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 24, शाहबाज अहमद ने नाबाद 20 और अनुज रावत ने नाबाद 15 रन बनाये।

Advertisement

विराट और फाफ डुप्लेसी ने पहले विकेट के लिये 42 रन की साझेदारी की। विराट अर्धशतक पूरा करने के बाद टीम के 89 के स्कोर पर आउट हुए। विराट ने 34 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

लोमरोर ने 18 गेंदों पर दो छक्के और मैक्सवेल ने 14 गेंदों में तीन छक्के लगाए। बेंगलुरु ने 132 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाए लेकिन शाहबाज और रावत ने इसके बाद अंतिम ओवरों में टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया और टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

Also Read: IPL T20 Points Table

Advertisement

दिल्ली की तरफ से मिचेल मार्श ने 18 रन पर दो विकेट और कुलदीप यादव ने 23 रन पर दो विकेट लिए।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार