भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड के टूर (India Tour of Ireland) पर है जहां उन्हें मेजबान के साथ शुक्रवार, 26 जून से दो मैचों की टी20 सीरीज (IRE vs IND T20 Series) खेलनी है। गौरतलब है कि इसी सीरीज के लिए कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को स्क्वाड में चुना गया है। तो आइए आज हम आपको बताते हैं उन तीन खिलाड़ियों के नाम जो कि आयरलैंड टूर पर भारतीय टीम के लिए अपना टी20 डेब्यू कर सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi): हमारी लिस्ट में पहला नाम बाएं हाथ के युवा सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी का है जो कि महज़ 15 साल की उम्र में अपनी अटैकिंग बैटिंग से दुनियाभर के दिग्गजों को प्रभावित कर चुके हैं। शायद आपको ये जानकर हैरानी होगी कि साल 2026 के IPL में वैभव ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 48.50 की औसत से 776 रन ठोककर ये कारनामा किया था।
खास बात तो ये भी है कि 15 साल के वैभव टी20 फॉर्मेट में 220 का स्ट्राइक रेट रखते हैं और अब तक 34 मैचों में 4 शतक लगाकर 1,477 रन बना चुके हैं। ऐसे में अगर उन्हें आयरलैंड टूर पर अपना T20I डेब्यू करने का मौका मिलता है, तो इसमें कोई हैरान करने वाली बात नहीं होगी।
प्रिंस यादव (Prince Yadav): हमारी लिस्ट में जो दूसरा नाम हैं, वो एक तेज गेंदबाज़ का है। जी हां, हम बात कर रहे हैं 24 साल के रफ्तार के सौदागर प्रिंस यादव की। दिल्ली का ये लड़का IPL19 से सुर्खियों में है जहां उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 14 मैचों में 8.82 की इकोनॉमी से बॉलिंग करके 16 विकेट निकाले थे।
बताते चलें कि प्रिंस लगातार 140 प्लस kph की स्पीड से गेंदबाज़ी करते हैं और उन्होंने हाल ही में भारत के लिए अपना ODI डेब्यू भी किया है। आयरलैंड टूर पर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाज़ मौजूद नहीं हैं, ऐसे में वहां प्रिंस को अपना T20I डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। इस फॉर्मेट में वो 35 मैचों में 38 विकेट झटक चुके हैं।
सूर्यांश शेडगे (Suryansh Shedge): हमारी लिस्ट में शामिल तीसरे और आखिरी खिलाड़ी मुंबई से आने वाले युवा ऑलराउंडर सुर्यांश शेडगे हैं जिन्हें नितीश कुमार रेड्डी के चोटिल होने के बाद बतौर रिप्लसमेंट इंडियन स्क्वाड में शामिल किया गया है। 23 साल के सुर्यांश हाल ही में श्रीलंका में खेली गई वनडे ट्राई नेशन सीरीज में इंडिया-ए का हिस्सा थे जहां उन्होंने पांच मैचों में 147 रन बनाए और 23 ओवर गेंदबाज़ी भी की।
गौर करें कि वो साल 2024-25 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम के लिए भी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने टूर्नामेंट में लोअर मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करके 251.92 के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे। इसके अलावा सुर्यांश कुल 30 टी20 मुकाबलों का अनुभव रखते हैं, जिसमें उन्होंने 25.42 की औसत और 178.89 की स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 13 विकेट भी दर्ज हैं। वो IPL19 में पंजाब किंग्स का भी हिस्सा रहे जहां उन्होंने 7 मैचों में लगभग 40 की औसत और 175 की स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाकर प्रभावित किया।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
26 जून 2026 – पहला टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)
28 जून 2026 – दूसरा टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)