28 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम कॉम्बिनेशन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने यूट्यूब चैनल पर अपनी पसंदीदा CSK प्लेइंग XII का चुनाव किया है, जिसने फैंस को चौंका दिया है। सबसे बड़ा सरप्राइज ये रहा कि इस टीम में भारतीय पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को जगह नहीं मिली है।
पठान ने अपनी टीम में भावनाओं की बजाय स्ट्रेटजी को ज्यादा अहमियत दी है। उनका मानना है कि मौजूदा टी20 क्रिकेट में टीम को तेज और आक्रामक बल्लेबाजी की जरूरत है, और इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी प्लेइंग XII तैयार की है।
ओपनिंग के लिए उन्होंने युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन को चुना है। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को नंबर 3 पर रखा गया है, ताकि वह पारी को संभाल सकें और मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकें।
इसके अलावा शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और सरफराज खान को भी जगह दी गई है। खास तौर पर सरफराज खान को नंबर 6 पर शामिल करना काफी चर्चा में है। पठान का मानना है कि अगर सरफराज को सही मौका देना है, तो धोनी को टीम से बाहर रखना जरूरी हो जाता है। इरफान पठान ने अपने बयान में कहा कि अगर धोनी खेलते हैं, तो उन्हें कम से कम 4 ओवर बल्लेबाजी करनी चाहिए, सिर्फ आखिरी के 1-2 ओवर खेलने से टीम को ज्यादा फायदा नहीं मिलता।
निचले क्रम में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को टीम में शामिल किया गया है, जिन पर फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन में बड़ा दांव लगाया था। गेंदबाजी में नूर अहमद और अकील हुसैन स्पिन अटैक संभालेंगे, जबकि मैट हेनरी तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खलील अहमद को चुना गया है, जो टीम को लेफ्ट आर्म पेस का विकल्प देंगे। दिलचस्प बात यह भी रही कि पठान ने अनशुल कंबोज और राहुल चाहर जैसे खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह नहीं दी।
इरफान पठान की आईपीएल 2026 के लिए चुनी गई चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग XII:
आयुष म्हात्रे, संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, मैट हेनरी, नूर अहमद
Also Read: LIVE Cricket Score
इम्पैक्ट प्लेयर: खलील अहमद