कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले के दौरान शाहरुख खान को KKR के CEO वेंकी मैसूर के साथ गंभीर बातचीत करते देखा गया। उनके हावभाव देखकर फैंस ने कई तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए हैं और सोशल मीडिया पर यह मोमेंट तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला सोमवार (6 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
इस मैच के दौरान KKR के को-ओनर और बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान पहली बार इस सीजन स्टेडियम में टीम को सपोर्ट करने पहुंचे। लेकिन मैच के बीच एक ऐसा मोमेंट सामने आया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल, शाहरुख खान को KKR के CEO वेंकी मैसूर के साथ काफी गंभीर बातचीत करते हुए देखा गया। हालांकि दोनों के बीच क्या बात हुई, यह साफ नहीं हो पाया, लेकिन शाहरुख के हावभाव देखकर फैंस ऐसा क्यास लगा रहे हैं कि शायद शाहरुख टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं।
गौरतलब है कि KKR की शुरुआत इस सीजन बेहद खराब रही है। टीम अपने पहले दोनों मुकाबले हार चुकी है और पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले में भी शुरुआत खराब रही। KKR ने इस मुकाबले में फिन एलन (6) और कैमरून ग्रीन (4) के रुप में 16 रन पर ही 2 विकेट खो दिए।
इस मुकाबले के दौरान शाहरुख खान अपनी मैनेजर पूजा ददलानी और बेटी सुहाना खान के साथ स्टेडियम में मौजूद थे। बारिश के कारण मैच रुका तो कैमरा बार-बार उनकी ओर जाता रहा, जहां वह लगातार चर्चा करते नजर आए।
मैच की बात करें तो फिलहाल पहली पारी के 3.4 ओवर का खेल हो चुका था और KKR 2 विकेट खोकर 25 रन पर खेल रहा था, लेकिन बारिश की वजह से मुकाबला रोकना पड़ा। अगर यह मैच धुल जाता है, तो KKR की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं क्योंकि उन्हें सिर्फ 1 अंक से संतोष करना पड़ेगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
KKR के लिए इस सीजन गेंदबाजी सबसे बड़ा चिंता का विषय बनी हुई है। हर्षित राणा और आकाश दीप चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं, जबकि मथीशा पथिराना अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं। ऐसे में टीम को जल्द ही वापसी करनी होगी, वरना प्लेऑफ की राह मुश्किल हो सकती है।