महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने की कोशिश कर रही सिडनी थंडर को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 'कन्कशन' (सिर की चोट) के कारण सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं।
21 नवंबर को होबार्ट में होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ मैच के दौरान 23 वर्षीय वॉल की टक्कर अपनी ही टीम की साथी जेम्मा बार्सबी से हो गई थी, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। शुरुआत में तो वॉल ने सिर की चोट से जुड़ा अनिवार्य टेस्ट पास कर लिया था, लेकिन मैच के बाद उनमें कुछ लक्षण दिखाई दिए। बाद में मेडिकल जांच में 'कन्कशन' की पुष्टि हुई, जिसके चलते वह गुरुवार को एडिलेड स्ट्राइकर्स और 28 नवंबर को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ होने वाले मैचों से बाहर हो गईं।
स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैच के लिए थंडर ने अपनी टीम में युवा ऑलराउंडर लुसी फिन को शामिल किया है, क्योंकि वह अपने बैटिंग कॉम्बिनेशन को फिर से व्यवस्थित करने की तैयारी कर रही हैं। अनिका लेरॉयड (जिन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में चुना गया है) और ताहलिया विल्सन, टॉप ऑर्डर में उनकी जगह लेने के संभावित विकल्पों में शामिल हैं।
जॉर्जिया वॉल का बाहर होना इस दाएं हाथ की बल्लेबाज के लिए पहले से ही निराशाजनक रहे सीजन को और मुश्किल बनाएगा। उन्होंने आठ पारियों में केवल 8.25 की औसत से 66 रन बनाए हैं। टूर्नामेंट के पहले मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 25 रन था। वह पूरे टूर्नामेंट में केवल दो बार ही 10 रनों का आंकड़ा पार कर पाई हैं।
बल्ले से संघर्ष करने के बावजूद, वॉल ने गेंदबाजी में शुरुआत में अच्छा योगदान दिया था। उन्होंने रेनेगेड्स के खिलाफ चार विकेट और ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ दो विकेट लिए थे, लेकिन इसके बाद के छह मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। यह झटका थंडर के लिए ऐसे समय में लगा है जब टीम पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रही है। आठ मैचों में केवल तीन जीत के साथ टीम प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर खिसक गई है। टीम चौथे स्थान पर मौजूद ब्रिस्बेन हीट से दो अंक पीछे है। अगर उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखनी हैं, तो बचे हुए मैचों में उनके पास गलती करने की कोई गुंजाइश नहीं है।
स्ट्राइकर्स के खिलाफ 'करो या मरो' वाले मुकाबले से पहले हेड कोच लिसा कीटेली ने सकारात्मक रुख बनाए रखा है। क्लब के एक बयान में कीटेली ने कहा, "यह हमारे लिए एक बड़ा मैच है, लेकिन साथ ही अपनी क्षमता दिखाने का एक और मौका भी है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमारी बल्लेबाजी सबसे खास रही है। हमने ब्रिस्बेन में रिकॉर्ड तोड़ चेज के जरिए यह देखा है, और हम स्ट्राइकर्स पर भी वैसा ही दबाव बनाने की कोशिश करेंगे, क्योंकि हमें पता है कि हम किसी भी स्थिति से जीत सकते हैं।"
Also Read: LIVE Cricket Score
Article Source: IANS