दिलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन (East Zone) की कप्तानी कर रहे भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) का बल्ला जमकर बोला। पहली पारी में शानदार दोहरा शतक लगाने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। बुधवार (9 सितंबर) को चौथे दिन ईशान ने साउथ जोन (South Zone) के एक युवा स्पिनर को निशाने पर लिया और एक ही ओवर में जमकर रन बटोरे।

Advertisement

ईशान ने साउथ जोन के युवा ऑफ स्पिन गेंदबाज त्रिपुरना विजय (Tripurana Vijay) के एक ओवर में 21 रन ठोक दिए। यह पारी का 26वां ओवर था, जिसमें ईशान ने लगातार आक्रामक शॉट लगाते हुए गेंदबाज पर दबाव पूरी तरह से बढ़ा दिया।

ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट और स्टंप्स की लाइन में थी। ईशान ने बैकफुट पर जाकर इसे मिडविकेट की दिशा में खेला और चौका बटोर लिया। अगली गेंद पर उन्होंने कदमों का इस्तेमाल किया, ट्रैक पर आगे बढ़े और जगह बनाकर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया।

विजय की चौथी गेंद पर ईशान एक बार फिर से आगे निकले और लॉन्ग ऑफ के ऊपर से उठाकर सीधे बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। यानी लगातार दो गेंदों पर दो छक्के आ चुके थे। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद शॉर्ट थी, जिसे ईशान ने जोरदार पुल शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर भेज दिया। इस तरह उन्होंने इस ओवर में कुल 21 रन बटोर लिए।

VIDEO:

ईशान ने दूसरी पारी में 98 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इससे पहले पहली पारी में भी ईशान किशन ने बल्ले से तहलका मचा दिया था। उन्होंने 334 गेंदों का सामना करते हुए 270 रन की बेहद शानदार पारी खेली थी। उनकी इस बड़ी पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

Also Read: LIVE Cricket Score

मुकाबले की स्थिति की बात करें तो ईशान की शानदार बल्लेबाजी के दम पर ईस्ट जोन की कुल बढ़त अब 584 रन तक पहुंच चुकी है। टीम के पांच विकेट अभी भी बाकी हैं और मुकाबले में अब सिर्फ एक दिन का खेल बचा है। ऐसे में ईस्ट जोन की टीम दिलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब जीतने की मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। खास बात यह है कि अगर मुकाबला ड्रॉ भी रहता है, तो पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन ट्रॉफी अपने नाम कर लेगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार