Jake Weatherald Bizarre Moment: क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिनकी शायद ही किसी ने कल्पना की हो। ऑस्ट्रेलिया में बुधवार (23 सितंबर) को साउथ ऑस्ट्रेलिया और तस्मानिया के बीच खेले गए घरेलू वनडे मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस के बीच खूब वायरल हो रहा है।
इस मुकाबले में साउथ ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक वेदराल्ड एक बेहद अजीबोगरीब गेंद का सामना करते नजर आए। यह घटना साउथ ऑस्ट्रेलिया की पारी के 15वें ओवर में हुई। तस्मानिया के ऑफ स्पिनर राफ मैकमिलन के हाथ से गेंद ऐसी फिसली कि वह सामान्य गेंद की तरह बल्लेबाज की ओर जाने के बजाय लेग साइड की तरफ पिच से दूर जा गिरी।
हालांकि जेक वेदराल्ड ने इस अजीब स्थिति को तुरंत भांप लिया। उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर गेंद का पीछा किया और उसे डीप मिड-विकेट और डीप स्क्वायर लेग की दिशा में खेल दिया। गेंद सीमा रेखा के पार जाती हुई नजर आई और ऐसा लगा कि वेदराल्ड के खाते में चार रन जुड़ जाएंगे।
लेकिन तभी अंपायर ने इस शॉट को चौका मानने से इनकार कर दिया। दरअसल, गेंद को पहले ही नो-बॉल और डेड बॉल करार दिया जा चुका था। इसलिए वेदराल्ड के बल्ले से लगने के बाद गेंद के बाउंड्री पार जाने के बावजूद उन चार रनों को उनके स्कोर में नहीं जोड़ा गया।
VIDEO:
फील्ड अंपायर ने बाद में इस फैसले को लेकर स्थिति साफ की। उनके मुताबिक गेंद पहले खेल के क्षेत्र के बाहर पिच हुई थी, इसलिए उसे डेड बॉल घोषित किया गया। यही वजह रही कि वेदराल्ड के लगाए शॉट से मिलने वाला चौका रद्द हो गया।
हालांकि इस अजीब घटना का जेक वेदराल्ड की बल्लेबाजी पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के 31 वर्षीय बल्लेबाज ने मुकाबले में शानदार पारी खेलते हुए 90 गेंदों में 92 रन बनाए और साउथ ऑस्ट्रेलिया को 383 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में तस्मानिया ने भी कड़ा मुकाबला किया, लेकिन पूरी टीम 376 रन तक ही पहुंच सकी और साउथ ऑस्ट्रेलिया ने यह रोमांचक मुकाबला महज 7 रन से अपने नाम कर लिया।