Ireland ODI Squad For Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए मंगलवार (28 जुलाई) को आयरलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। आयरलैंड के नए हेड कोच गैरी विल्सन के लिए यह बतौर कोच पहला वनडे असाइनमेंट होगा।
इस टीम में राजस्थान मं जन्मे भारतीय मूल के 29 साल के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा को भी मौका मिला है। मूंदड़ा को पहली बार आयरलैंड की वनडे टीम में शामिल किया गया है। हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और आयरलैंड की ऐतिहासिक 2-0 की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
भारत के खिलाफ सीरीज में मूंदड़ा ने कुल 5 विकेट हासिल किए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। उनके इस प्रदर्शन के बाद अब उन्हें वनडे क्रिकेट में भी खुद को साबित करने का मौका मिला है। जय मूंदड़ा के अलावा 24 साल के तेज गेंदबाज बायरन मैकडोनो और 24 ही साल के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन कैलिट्ज को भी पहली बार आयरलैंड की वनडे टीम में शामिल किया गया है।
हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले आयरलैंड को कुछ बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी का झटका भी लगा है। जोश लिटिल, मैट हॉलैंड, क्रेग यंग, बैरी मैकार्थी, जॉर्डन नील और डेविड डेलानी शुरुआती तीन वनडे के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। क्रिकेट आयरलैंड के मुताबिक इनमें कुछ खिलाड़ी चोट से उबर रहे हैं, जबकि कुछ अपनी फिटनेस रिकवरी पूरी कर रहे हैं। ऐसे में टीम में युवा खिलाड़ियों को ज्यादा जिम्मेदारी संभालनी पड़ सकती है।
अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 5 अगस्त से होगा। सीरीज का पहला और दूसरा मुकाबला 5 और 7 अगस्त को ब्रेडी में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें तीसरे, चौथे और पांचवें वनडे के लिए स्टॉर्मॉन्ट का रुख करेंगी, जहां 10, 12 और 15 अगस्त को मुकाबले खेले जाएंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले 3 ODI के लिए आयरलैंड की टीम
पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैम्फर, केड कार्माइकल, जॉर्ज डॉकरेल, गैविन होए, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, बायरन मैकडोनो, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर और लॉरकन टकर।