Rising Stars Asia Cup 2025 Semifinal, India A Vs Bangladesh A Highlights: दोहा में खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के रोमांचक सेमीफाइनल में इंडिया ए और बांग्लादेश ए का मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर में गया, जहां जितेश शर्मा और आशुतोष शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए और बांग्लादेश ने सिर्फ एक गेंद में लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह बना ली।

Advertisement

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 का पहला सेमीफाइनल शुक्रवार (21 नवंबर) को दोहा के एशियन टाउन क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां इंडिया ए के कप्तान जितेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। मैच की शुरुआत से ही बांग्लादेश ए ने आक्रामक रूख दिखाया। ओपनर हबीबुर रहमान सोहन ने 46 गेंदों में 65 रन ठोककर टीम को मज़बूती दी और जिशान आलम के साथ 43 रन की साझेदारी भी की।

Advertisement

हालांकि बीच में जवाद अबरार, कप्तान अकबर अली और अबू हैदर जल्दी-जल्दी आउट होते गए, लेकिन इसके बाद मैच बदलता दिखा एसएम महेरोब की धमाकेदार बैटिंग से। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में नाबाद 48 रन जड़ दिए, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके साथ यासिर अली ने तेज 17 रन ठोके और दोनों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 22 गेंदों में 64 रन जोड़ते हुए स्कोर को 194 तक पहुंचाया।

इंडिया ए के गेंदबाज़ों में गुरजापनीत सिंह ने 2 विकेट झटके, जबकि रमनदीप, विजयकुमार विशक, सुयश शर्मा और हर्ष दुबे ने 1-1 विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत बेहद शानदार रही। प्रियांश आर्य ने 23 गेंदों में 44 और वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान जितेश शर्मा ने 33 रन जोड़े और नेहल वढेरा ने 29 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोकते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरकार इंडिया ए भी 194 तक पहुंच गई और मैच सुपर ओवर में चला गया।

बांग्लादेश के लिए अबू हैदर और रकीबुल हसन ने 2-2 विकेट झटके। जबकि अब्दुल गफ्फार सकलैन और रिपन मोंडोल को 1-1 विकेट मिला।

Advertisement

सुपर ओवर में इंडिया ए की हालत बहुत खराब रही। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ रिपन मोंडोल ने दो गेंदों में भारत को ढेर कर दिया। कप्तान जितेश शर्मा और आशुतोष शर्मा दोनों बिना खाता खोले आउट हो गए और टीम सुपर ओवर में 0/2 पर सिमट गई। बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ 1 रन चाहिए था, भारत के लिए सुपर ओवर में गेंदबाजी कर रहे सुयश शर्मा की वाइड गेंद से वो काम भी अपने ही आप हो गया।

इस जीत के साथ बांग्लादेश ए फाइनल में पहुंच गई, जहां उसका सामना पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से रविवार (23 नवंबर) को होगा। वहीं, इंडिया ए का सफर सुपर ओवर में मिली कड़वी हार के साथ खत्म हो गया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार