क्रिकेट में आमतौर पर खिलाड़ी 30-35 साल की उम्र के बाद अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंचने लगते हैं, लेकिन आइल ऑफ मैन की महिला क्रिकेटर जोआन हिक्स (Joanne Hicks) ने इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है। 51 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो इससे पहले करीब 96 साल तक कायम था।
जोआन हिक्स ने गुरुवार (27 अगस्त) को ग्रीस महिला टीम के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। उन्होंने यह कारनामा 51 साल और 173 दिन की उम्र में किया, जिसके साथ ही वह पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट को मिलाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाली सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गईं।
इस मुकाबले में जोआन हिक्स ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 10 रन देकर पांच विकेट चटकाए। यह टी20 क्रिकेट में उनका तीसरा पांच विकेट हॉल रहा और उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी बन गया।
जोआन हिक्स की घातक गेंदबाजी के सामने ग्रीस की पूरी टीम सिर्फ 52 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद आइल ऑफ मैन ने लक्ष्य का पीछा करने में भी ज्यादा समय नहीं लगाया और पावरप्ले के अंदर ही एक विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस प्रदर्शन के साथ जोआन हिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के बर्ट आयरनमोंगर (Bert Ironmonger) का करीब 96 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। आयरनमोंगर ने 1932 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 49 साल और 314 दिन की उम्र में पांच विकेट लिए थे। अब जोआन ने उनसे आगे निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा उम्र में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज:
- 51 साल 173 दिन – जोआन हिक्स, आइल ऑफ मैन vs ग्रीस, महिला टी20, 2026
- 49 साल 314 दिन – बर्ट आयरनमोंगर, ऑस्ट्रेलिया vs साउथ अफ्रीका, पुरुष टेस्ट, 1932
- 49 साल 234 दिन – बर्ट आयरनमोंगर, ऑस्ट्रेलिया vs साउथ अफ्रीका, पुरुष टेस्ट, 1931
- 49 साल 168 दिन – जोआन हिक्स, आइल ऑफ मैन vs ग्रीस, महिला टी20, 2024
- 49 साल 162 दिन – जोआन हिक्स, आइल ऑफ मैन vs माल्टा, महिला टी20, 2026
Also Read: LIVE Cricket Score
जोआन का अंतरराष्ट्रीय करियर भी अपने आप में काफी अनोखा है। उन्होंने आइल ऑफ मैन के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 47 साल की उम्र में किया था। इसके बाद 2024 में उन्होंने माल्टा के खिलाफ छह दिनों के अंदर दो पांच विकेट हॉल लेकर महिला क्रिकेट में सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होकर अपनी पहचान बनाई थी।