SL vs ENG, ODI Tri-Series 2026: श्रीलंका के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) इंग्लैंड के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के मुकाबले में शतक से महज 11 रन दूर रह गए। गुरुवार (29 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मेंडिस अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट (Joe Root) की गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मेंडिस इस मैच में 70 गेंदों में 89 रन बना चुके थे और पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए थे। श्रीलंका को एक अहम साझेदारी मिल चुकी थी और मेंडिस के शतक की उम्मीदें भी बढ़ने लगी थीं। ऐसे में विकेट की तलाश कर रहे इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने 27वें ओवर में जो रूट को गेंद थमाकर एक अलग चाल चली।

रूट ने ओवर की दूसरी गेंद राउंड आर्म एक्शन से फेंकी, जो तेजी से नीचे की ओर लेग स्टंप की तरफ गई। मेंडिस ने स्वीप शॉट खेलने के लिए घुटने मोड़े, लेकिन गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलती हुई विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स के दस्तानों में चली गई। इंग्लैंड के खिलाड़ियों को लगा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई है, इसलिए उन्होंने जोरदार अपील की। हालांकि, फील्ड अंपायर ने उनकी अपील खारिज कर दी।

इसके बाद इंग्लैंड ने रिव्यू लेने का फैसला किया। रिप्ले में अल्ट्राएज पर गेंद और बल्ले के बीच हल्का-सा संपर्क दिखाई दिया, जिससे फील्ड अंपायर का फैसला बदल गया और मेंडिस को आउट करार दिया गया। अपना विकेट गंवाने के बाद श्रीलंकाई कप्तान काफी निराश नजर आए और उन्होंने गुस्से में बल्ला भी पटका। इस तरह वह 71 गेंदों में 89 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और जो रूट ने श्रीलंका को एक बड़ा झटका दे दिया।

VIDEO:

Also Read: LIVE Cricket Score

इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 386 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बेन डकेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 132 गेंदों में 167 रन की पारी खेली। वहीं, टॉम बैंटन ने भी 75 गेंदों में 74 रन की उपयोगी पारी खेली। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार