England vs New Zealand 2nd Test, Joe Root Catch: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में जो रूट ने एक बार फिर अपनी शानदार फील्डिंग से कमाल दिखाया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल एक मजबूत पारी खेल रहे थे, लेकिन रूट ने उनकी पारी को एक बेहतरीन कैच के साथ समाप्त कर दिया।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला 17 जून से द ओवल में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन जो रूट ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल का एक शानदार कैच पकड़कर सभी को हैरान कर दिया। यह घटना न्यूजीलैंड की पहली पारी के 68वें ओवर में देखने को मिली। विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल शानदार लय में नजर आ रहे थे और उन्होंने 84 गेंदों में 51 रन बना लिए थे। ब्लंडेल इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे और बड़े शॉट खेलने के मूड में दिख रहे थे।
ओवर की चौथी गेंद पर ब्लंडेल ने आगे बढ़कर मिडविकेट की दिशा में जोरदार शॉट खेला। गेंद बल्ले से निकलते ही बाउंड्री की ओर जाती हुई नजर आ रही थी, लेकिन वहां खड़े जो रूट ने गजब की फुर्ती दिखाई। उन्होंने सही समय पर छलांग लगाई और तेज रफ्तार से आती गेंद को एक हाथ से रोक लिया।
गेंद की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि रूट के हाथ में आने के बाद गेंद थोड़ी उछली, लेकिन उन्होंने धैर्य नहीं खोया। पहले गेंद को हवा में नियंत्रित किया और फिर दूसरी कोशिश में सुरक्षित कैच पूरा कर लिया। इस शानदार कैच के साथ ही ब्लंडेल को 51 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा।
VIDEO:
अगर मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 391 रन बनाए। टीम के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 135 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा टॉम ब्लंडेल ने 84 गेंद 51 रन, डेरिल मिचेल ने 74 गेंद में 44 रन और काइल जैमीसन ने 48 गेंदों में 41 रन का योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 291 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड ने 100 रन की बढ़त हासिल की। इंग्लैंड के लिए एमिलियो गे ने 114 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि मैथ्यू फिशर ने 77 गेंदों में 50 रन की उपयोगी पारी खेली।