टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने शुरुआत में ही श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। श्रीलंका के फॉर्म में चल रहे स्टार ओपनर पाथुम निसांका को उन्होंने तीसरे ओवर में आउट कर दिया। विकेट लेने के बाद आर्चर का सेंड-ऑफ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड के दूसरे मुकाबले में रविवार (22 फरवरी) को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड और श्रीलंका आमने-सामने थे। इंग्लैंड के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को अपने स्टार ओपनर पाथुम निसांका से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने शुरुआत में ही खेल पलट दिया।
पारी के तीसरे ओवर में आर्चर ने अपनी रफ्तार से निसांका को बड़े शॉट के लिए उकसाया। चौथी गेंद पर निसांका ने जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाउंड्री के पास खड़े जेमी ओवरटन के हाथों में चली गई। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले निसांका इस बार सिर्फ 9 रन (8 गेंद) बनाकर लौट गए, जिसमें दो चौके शामिल थे।
खतरनाक बल्लेबाज़ का विकेट लेते ही आर्चर ने जोश में आकर आक्रामक अंदाज़ में सेंड-ऑफ दिया। उनका यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आर्चर ने इस मैच में 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके और श्रीलंका को शुरुआत से ही बिखेर दिया।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फिल साल्ट की 40 गेंदों में 62 रन की पारी की बदौलत 146 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में श्रीलंका की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 95 रन पर सिमट गई। कप्तान दासुन शनाका (30) ने कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन दूसरे छोर से कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सका।