दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बल्लेबाज जोंटी सिद्धू (Jonty Sidhu) अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ एक अनोखे देसी जुगाड़ की वजह से भी चर्चा में आ गए। बैट गेज टेस्ट में उनका बल्ला फेल हो गया, लेकिन उन्होंने कुछ ही सेकेंड में ऐसा तरीका निकाला कि सभी खिलाड़ी, अंपायर और दर्शक देखते रह गए।
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के सातवें लीग मुकाबले में सोमवार (3 अगस्त) को ईस्ट दिल्ली स्ट्राइकर्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के 28 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज जोंटी सिद्धू ने सिर्फ 38 गेंदों में 75 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम रोल निभाया। उनकी इस पारी में 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
हालांकि उनकी इस पारी दौरान मैदान पर एक मजेदार घटना भी घटी। दरअसल, जोंटी सिद्धू जब बल्लेबाजी करने मैदान पर पहुंचे तो अंपायर ने नियम के तहत उनके बल्ले का बैट गेज टेस्ट किया। इस टेस्ट में उनका बल्ला गेज के अंदर से नहीं निकल पाया। ऐसे में उन्हें उसी बल्ले से खेलने की अनुमति नहीं मिल सकती थी।
लेकिन जोंटी ने बिना समय गंवाए एक गजब का देसी जुगाड़ निकाल लिया। उन्होंने अपने नॉन-स्ट्राइकर साथी का बल्ला लिया और उसी से अपने बल्ले के किनारों पर हथौड़े की तरह पीटने लगे। कुछ ही देर बाद जोंटी ने अपना बल्ला फिर से अंपायर को जांच के लिए दिया। इस बार बल्ला बैट गेज टेस्ट में पास हो गया और उन्हें उसी बल्ले से बल्लेबाजी करने की अनुमति मिल गई।
अगर मुकाबले की बात करें तो ईस्ट दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सार्थक रंजन के 39 गेंदों में 64 और यश भाटिया के 51 गेंदों में 90 रन की बदौलत 20 ओवर में 209 रन का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने जोंटी सिद्धू की 75 रन की विस्फोटक पारी और आदित्य भंडारी के 24 गेंदों में 46 रन की अहम पारी के दम पर लक्ष्य हासिल करते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।