Jos Buttler T20 Most Runs Record: द हंड्रेड मेंस 2026 का 21वां मुकाबला बुधवार (5 अगस्त) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के कप्तान जोस बटलर ने सिर्फ अपनी टीम को जीत ही नहीं दिलाई, बल्कि टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
मैच से पहले इंग्लैंड के इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज को टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 22 रन की जरूरत थी। उन्होंने यह आंकड़ा आसानी से पार किया और नाबाद 20 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
इस मुकाबले के बाद बटलर के नाम अब टी20 करियर में 522 मैचों में 14,833 रन दर्ज हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 14,803 रन दर्ज थे।
दिलचस्प बात यह है कि इसी साल पोलार्ड ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर नंबर-1 स्थान हासिल किया था, लेकिन अब बटलर ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट के नए रन किंग बनने का गौरव हासिल कर लिया।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
- जोस बटलर – 14,833 रन (522 मैच)
- कीरोन पोलार्ड – 14,803 रन (746 मैच)
- क्रिस गेल – 14,562 रन (463 मैच)
- एलेक्स हेल्स – 14,449 रन (528 मैच)
- डेविड वॉर्नर – 14,284 रन (439 मैच)
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर ने 100 गेंदों में 4 विकेट पर 155 रन बनाए। टीम के लिए मैथ्यू शॉर्ट ने 47 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि फिल सॉल्ट ने 37 गेंदों पर 48 रन का योगदान दिया।
जवाब में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए टिम सेफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए। दूसरे छोर पर कप्तान जोस बटलर (51*) ने भी अपना जलवा दिखाया और टीम ने सिर्फ 69 गेंदों में एक विकेट खोकर 156 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।