Jos Buttler Record: इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में एक बड़ा इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। अगर वह पहले टी20 मुकाबले में 31 रन बना लेते हैं तो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे, जो अभी तक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर पाया है।
भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार (1 जुलाई) से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत करेगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के बाकी मुकाबले 4, 7, 9 और 11 जुलाई को आयोजित होंगे। इस बहुप्रतीक्षित सीरीज में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
दरअसल, जोस बटलर भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 700 रन पूरे करने से सिर्फ 31 रन दूर हैं। बटलर ने भारत के खिलाफ अब तक 25 पारियों में 669 रन बनाए हैं। अगर वह पहले मैच में 31 रन और बना लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 700 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
बटलर के नाम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले से ही 701 रन दर्ज हैं। ऐसे में भारत के खिलाफ 700 रन पूरे करते ही वह इस अनोखे रिकॉर्ड पर अकेले कब्जा जमा लेंगे। फिलहाल वह भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो जोस बटलर 669 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली 648 रन के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। भारत के खिलाफ बटलर का स्ट्राइक रेट 143.87 का रहा है और उन्होंने इस दौरान पांच अर्धशतक भी लगाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, इस पांच मैचों की सीरीज में बटलर के पास पाकिस्तान के स्टार बाबर आजम का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका भी होगा। बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 पारियों में 880 रन बनाए हैं, जो किसी एक विपक्षी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन हैं। वहीं विराट कोहली इस मामले में दूसरे नंबर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 पारियों में 794 रन बनाए थे। ऐसे में अगर बटलर इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं तो वह बाबर के इस रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच सकते हैं।