आईपीएल 2026 के 64वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी बल्लेबाजी की जिसे देखकर हर कोई उनका दीवाना बन गया। उनकी 93 रनों की पारी के चलते उनकी टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और मैच के बाद तो उनकी दीवानगी इतनी बढ़ गई कि 55 साल के ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जस्टिन लैंगर भी खुद को सूर्यवंशी का फैन बनने से ना रोक पाए।
जब वैभव सूर्यवंशी सवाई मानसिंह स्टेडियम के आउटफील्ड पर खड़े होकर, IPL मैच के बाद होने वाले आम डिजिटल वीडियो के लिए अपनी बातें कह रहे थे, तभी फ्रेम पर एक साया पड़ा। वो कोई और नहीं बल्कि लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच लैंगर थे। उन्होंने बहुत प्यार से वैभव सूर्यवंशी से कहा, "क्या मैं एक फ़ोटो ले सकता हूं, प्लीज़?"
लैंगर को देखकर सूर्यवंशी भी एक स्कूली बच्चे की तरह इज़्ज़त से उनके पास गए और उनकी बात मानते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाई। लैंगर ने जाते-जाते एक ऐसी बात कही जो शायद ही सूर्यवंशी कभी भूल पाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं इस फ़ोटो को हमेशा सहेजकर रखूंगा। तुम्हारे करियर के लिए शुभकामनाएं। खूब आगे बढ़ो।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें RR vs LSG मुकाबले की तो जयपुर के मैदान पर मेहमान टीम लखनऊ सुपर जायंट्स ने मिचेल मार्श (57 गेंदों पर 96 रन) और जोश इंगलिस (29 गेंदों पर 60 रन) की तूफानी पारियों के दम पर 220 रन का स्कोर बोर्ड पर टांग दिए थे। इसके जवाब में राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी (38 गेंदों पर 93 रन) और ध्रुव जुरेल (38 गेंदों पर नाबाद 53 रन) ने मैच विनिंग इनिंग खेली जिसके दम पर ही राजस्थान ने 19.1 ओवर में 221 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अब वो पॉइंट्स टेबल पर नंबर-4 की पॉजिशन पर पहुंच गए हैं।