SA vs AUS 2nd Test: साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) अपनी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन उन्होंने इसका एक और शानदार नमूना पेश किया। बुधवार (21 अक्टूबर) को गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जा रहे मुकाबले में रबाडा ने ट्रेविस हेड (Travis Head) के सामने 154.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी।
यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 7वें ओवर के दौरान हुई। रबाडा ने बाएं हाथ के बल्लेबाज हेड के सामने ऑफ स्टंप के बाहर तेज रफ्तार से गेंद डाली। गेंद इतनी तेजी से बल्लेबाज के पास से गुजरी कि हेड ने उस पर शॉट खेलने के बजाय उसे छोड़ना ही बेहतर समझा। भले ही इस गेंद पर कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन रबाडा की गति ने एक बार फिर दिखा दिया कि वह दुनिया के सबसे मौजूदा खतरनाक गेंदबाजों में क्यों गिने जाते हैं।
VIDEO:
इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम पहले टेस्ट में मिली हार के बाद सीरीज में वापसी करने के इरादे से उतरी है। पहली पारी में टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर पांच विकेट पर 92 रन था। हालांकि, इसके बाद कप्तान टेम्बा बावुमा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 334 गेंदों में 179 रन की पारी खेली। मार्को यानसन ने 100 गेंदों में 85 रन और साइमन हार्मर ने 157 गेंदों में 82 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इन पारियों की बदौलत साउथ अफ्रीका ने नौ विकेट पर 425 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम महज 99 रन पर ऑलआउट हो गई। स्टीव स्मिथ ने 88 गेंदों में 28 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए, जबकि बाकी कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
Also Read: LIVE Cricket Score
साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में मार्को यानसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। कगिसो रबाडा और वियान मुल्डर ने भी दो-दो विकेट झटके। इस प्रदर्शन के दम पर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।