आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच सोमवार (20 अप्रैल) को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके तेज़ गेंदबाज़ कगिसो रबाडा ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए मुंबई के दोनों ओपनर्स को अपने दो ओवर्स में पवेलियन भेज दिया।
सबसे पहले रबाडा ने अपना डेब्यू मैच खेल रहे दानिश मालेवार को अपना शिकार बनाया। मुंबई की पारी के दूसरे ओवर में दानिश ने फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की मगर वो रबाडा की सीधी गेंद को मिस कर गए और एलबीडब्ल्यू होकर पवेलियन चले गए। आउट होने से पहले दानिश मालेवार ने सिर्फ 2 रन बनाए। इसके बाद अपने अगले ओवर में रबाडा ने मुंबई को सबसे बड़ा झटका देते हुए क्विंटन डी कॉक को भी आउट कर दिया।
रबाडा की शॉट गेंद पर पुल शॉट लगाने के चक्कर में डी कॉक गेंद को हवा में मार बैठे और रबाडा ने खुद अपनी गेंद पर कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया। आउट होने से पहले डी कॉक ने 13 रन बनाए। ताजा समाचार लिखे जाने तक मुंबई ने 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 32 रन बना लिए हैं और सूर्यकुमार यादव के साथ नमन धीर क्रीज पर बने हुए हैं।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो इस प्रकार है।
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग XI): साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अनुज रावत, कुलवंत खजरोलिया और मानव सुथार।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग XI): दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह ग़ज़नफ़र। इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राज अंगद, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, मयंक रावत और रघु शर्मा।